nरीवा। प्रेमी युगल द्वारा आग लगाने के मामले में बुरी तरह झुलसे युवक की देर रात अस्पताल में मौत हो गई। वहीं युवती का इलाज अभी चल रहा है जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पनवार थाना क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर यह घटना हुई थी। युवक का अपनी मौसेरी बहन के साथ प्रेम प्रसंग चलता था। दोनों शादी करने की जिद परिवार के सामने कर रहे थे लेकिन उनके रिश्ते को देखकर घर वालों ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया था। इस बात पर शुक्रवार की दोपहर दोनों ने एक साथ पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी।
nn
दोनों को परिजनों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया था। करीब नब्बे फीसदी तक जल चुके युवक की जान चिकित्सक नहीं बच पाए और शनिवार की रात उसने दमतोड़ दिया। वहीं युवती का अभी भी इलाज चल रहा है जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उनके बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था जिसकी जानकारी होने पर परिजनों ने आपत्ति भी की थी। दोनों बाद में एक दूसरे के साथ शादी करने की जिद करने लगे लेकिन इसके लिए दोनों ही परिवार तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। युवक व युवती द्वारा उठाए गए इस कदम से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह ने बताया कि अस्पताल में युवक की मौत हो गई है। मर्ग डायरी मिलने के बाद आगे जांच की जा रही है।
nn
—
nदो पक्षों में खूनी संघर्ष, कुल्हाड़ी व कुदाल से किया हमला
nरीवा। मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप धारण कर लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर कुल्हाड़ी व कुदाल चली जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंच गया जिसने स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया। घटना गोविन्दगढ़ थाने के बांसी बरगहिन टोला की बताई जा रही है। यहां रहने वाले उमेश सोंधिया व संतोष सोंधिया के परिवार के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। रात में उनके बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई जिसने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप धारण कर लिया। दोनों पक्षों से आधा दर्जन से अधिक लोग एक दूसरे पर कुल्हाड़ी, कुदाल व राड लेकर टूट पड़े। उनके बीच जमकर मारपीट हुई जिसमें सात लोग घायल हो गए।
nn
घटना से अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंच गया जिससे बड़ी घटना टल गई। इस घटना में सात लोग घायल हुए थे। एक पक्ष से उमेश सोंधिया, अजय सोंधिया व दूसरे पक्ष से संतोष सोंधिया, किरण सोंधिया, नागेन्द्र सोंधिया, धीरेन्द्र सोंधिया सहित अन्य लोग शामिल है। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवा दिया जहां एक युवक की हालत नाजुक होने पर उसे आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है।