Thursday, September 19

सीधी। नेताओं के कुछ समर्थक भी गजब के होते हैं। वह अपने नेता के लिए सबकुछ कुर्बान करने को तैयार होते हैं। विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद सीधी जिले के चुरहट क्षेत्र में एक व्यक्ति इनदिनों चर्चा में है। उनका नाम है संजू सिंह, जो कांग्रेस पार्टी और नेता अजय सिंह राहुल के कट्टर समर्थक हैं।

 

sidhi
churhat

चुरहट निवासी संजू सिंह ने पांच साल पहले पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल के विधानसभा चुनाव हारने के बाद संकल्प लिया था कि जब तक वह चुनाव नहीं जीतेंगे तब तक वह अपने बाल और दाढ़ी नहीं कटाएंगे। पहले तो स्थानीय लोगों ने उनसे इस तरह का निर्णय नहीं लिए जाने के लिए कहा लेकिन बाद में अजय सिंह राहुल भैया ने भी समझाया कि चुनावों में हार-जीत लगी रहती है। इसके बाद भी वह अपने इरादे पर संकल्पित रहे।
चुरहट निवासी विजय सिंह के भाई संजू का संकल्प पांच साल के बाद पूरा हुआ और जीतने के बाद अजय सिंह राहुल ने खुद अपने सामने उनके बाल और दाढ़ी का मुंडन कराया। साथ ही अन्य समर्थकों से भी कहा कि वह सभी की निष्ठा का सम्मान करते हैं लेकिन इस तरह से खुद को परेशान करने वाले संकल्प नहीं लें। शिवराजपुर सांड़ा में सैकड़ों लोगों के बीच संजू सिंह ने मुंडन कराया और अजय सिंह राहुल का आशीर्वाद लिया। वह क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

कुंवर अर्जुन सिंह के समय भी गजेंन्द्र सिंह ने लिया था संकल्प
इस तरह का संकल्प करीब चार दशक पहले भी अजय सिंह के पिता कुंवर अर्जुन सिंह के समर्थक रहे बडख़रा निवासी गजेन्द्र सिंह ने लिया था। गजेन्द्र सिंह ने तो बाल-दाढ़ी बढ़ाने के साथ ही खुद को हथकड़ी से भी बंधवा लिया था और संकल्प लिया था कि यह हथकड़ी तभी खुलेगी जब अर्जुन सिंह मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बन जाएंगे। आखिरकार उनका संकल्प पूरा हुआ और मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद अर्जुन सिंह ने उनकी हथकड़ी कटवाई। अब गजेन्द्र सिंह का भी निधन हो चुका है।

Share.
Leave A Reply