Friday, September 20

 

रीवा। एटीएम बूथ में कार्ड बदलकर ठगी करने वाले बदमाशों की अंतरराज्जीय गैंग हत्थे चढ़ी है। पुलिस बाइक की मदद से आरोपियों तक पहुंची। वे रीवा, सतना, मैहर के साथ ही कर्नाटक-केरल तक वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस की पूछताछ में बताया कि एक बार बाइक लेकर निकलते, तो कई राज्य नाप लेते थे। जो शहर रास्ते में पड़ते वहां हाथ साफ कर आगे बढ़ जाते। आरोपियों के पास से 30 के लगभग एटीएम कार्ड मिले हैं। कुछ कार्ड कर्नाटक बैंक के हैं जो सिर्फ कर्नाटक में ही संचालित हैं। जब्त कार्डों के संबंध में बैंकों से जानकारी मांगी जा रही है।

पुलिस ने बताया कि बीते साल के अगस्त महीने में समान तिराहे में एक वृद्ध का एटीएम कार्ड बदलकर आरोपियों ने उनके खाते से रुपए निकाल लिए थे। इस घटना में एक बाइक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। उसकी तलाश की जा रही थी। पिछले दिनों बाइक के पुन: रीवा में आने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने सीएसपी शिवाली चतुर्वेदी के नेतृत्व में सभी थानों को अलर्ट कर दिया। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने निगरानी शुरू कर दी। कैमरे की मदद से समान थाने की पुलिस ने शनिवार को तिराहे के समीप ही दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। जब उनकी तलाशी ली गई तो 30 के लगभग एटीएम कार्ड बरामद हुए। आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई तो उन्होंने वृद्ध के साथ घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

————-

दो आरोपी प्रयागराज के, साथी सतना का

पकड़े गए आरोपियों में शिवम सिंह बिसेन 24 पिता सुरेश सिंह व रहीम खान 25 पिता हेमराज खान दोनों निवासी सम्हा थाना हडिय़ा जिला प्रयागराज के हैं। वृद्ध के साथ हुई घटना में शिवम सिंह बिसेन के साथ उसका दूसरा साथी सोनू उर्फ राजीव लोचन पाण्डेय निवासी करसरा जिला सतना भी था, जो अभी फरार है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस एटीएम फ्राॅड से जुड़ी अन्य घटनाओं की जानकारी ले रही है।

————-

बहन के घर शादी में शहडोल गया, वहां भी बुजुर्ग को ​शिकार बनाया

आरोपी बेहद शातिराना अंदाज से वारदात को अंजाम देते थे। वे पहले एटीएम की बटन दबा देते थे। इससे वह काम नहीं करती थी। जब कोई वृद्ध फंसता तो मदद के बहाने आरोपी कार्ड बदलता और पीडि़त का पिन नम्बर देख लेता। पीडि़त को दूसरा कार्ड पकड़ाकर आरोपी फरार हो जाते थे। उस दौरान दूसरा साथी बाहर मोटर साइकिल स्टार्ट कर खड़ा रहता था। अगस्त में जिस वृद्ध का कार्ड आरोपियों ने बदला उनके खाते से पीटीएस चौराहा स्थित एटीएम बूथ से 5 हजार, 9500 व 5000 रुपए निकाले थे। 28 जनवरी को आरोपी शिवम सिंह बिसेन अपने साथ रहीम खान को बहन के घर शहडोल एक वैवाहिक आयोजन में शामिल होने के लिए लेकर गया था। 31 जनवरी को उन्होंने शहडोल के ईको पार्क के आगे एटीएम बूथ में एक बुजुर्ग को शिकार बनाया था। कार्ड बदलकर उनके खातों से रुपए निकाल लिए।

————————–

तीन दिन पूर्व शहर में की घटना; सतना-मैहर और शहडोल की वारदात कबूली

बदमाशों का गिरोह तीन दिन पहले रीवा आया था। उसने सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाया और कार्ड बदलकर खाते से रुपए निकाल लिए। यह बात उन्होंने पुलिस की पूछताछ में स्वीकार किया है। शहडोल, सतना, मैहर में हुई घटनाओं के बारे में बताया। आरोपी सतना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 3 और कोलगवां थाना क्षेत्र में एक घटना करना बता रहे हैं। उनको यह ठीक से याद नहीं कि किस शहर में कितने लोगों को अभी तक शिकार बनाया है। वे पिछले एक साल से इन घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। उनसे जब्त कार्ड की डिटेल मिलने के बाद ही घटनाएं सामने आएंगी। फिलहाल सिविल लाइन थाने की पुलिस उक्त आरोपियों को रिमांड पर लेगी।

————————–

एटीएम फ्राॅड करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अलग-अलग जिलों, राज्यों में घूमकर घटनाएं करते थे। उनके पास से 30 के लगभग कार्ड मिले हैं। बैंकों से जानकारी मांगी है। दूसरे जिलों को भी उनकी सूचना भिजवाई जा रही है।

विवेक सिंह, एसपी रीवा

—————————-

Share.
Leave A Reply