रीवा. भगवान जगन्नाथ की लू लगने से तबीयत खराब हो गई है। उनको आराम देने के लिए मंदिर के पट भक्तों के लिए बंद कर दिए गए हैं। अब वैद्व उनको नियमित दवाई देकर इलाज करेंगे।
भक्तों के पालनहार भगवान जगन्नाथ का मंदिर लक्ष्मणबाग संस्थान में है जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त पहुंचकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करते हैं।
भगवान जगन्नाथ को स्नान पूर्णिमा के दिन औषधिय जल से स्नान कराया जाता है। स्नान करने से भगवान को लू लग जाती है। शनिवार को भगवान जगन्नाथ की तबीयत खराब होने पर आराम दिया जा रहा है। पन्द्रह दिन तक भगवान बीमार रहेंगे और इस बीच उनको वैद ओमप्रकाश पंसारी द्वारा दवाईयां दी जाएंगी। इसके बाद वे पूरी तरह से स्वस्थ हो जाएंगे। इस बीच भगवान आराम देने के लिए मंदिर के पट बंद कर दिए गए हैं और 15 दिन भक्तों को उनके दर्शन नहीं मिलेंगे। बीमार होने से अब भोग में भी बदलाव किया जाएगा और विशेष तरह का भोग उनको दिया जाएगा ताकि वे जल्द ठीक हो जाएं।
भगवान जगन्नाथ उपचार के बाद जल्द स्वस्थ हो जाएंगे। बीमारी से पूरी तरह ठीक होने के बाद भगवान शहरवासियों को दर्शन देने के लिए रथ में सवार होकर निकलेेंगे। शहर में हर साल भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जाती है जिसमें उनको जामुन का भोग लगता है। भगवान रथ में सवार होकर भक्तों का हालचाल लेने के लिए निकलते हैं।