Friday, February 7

नईदिल्ली। लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस पार्टी को एक और झटका लगा है। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे पत्र में कहा है कि वह पार्टी के भीतर असहज महसूस कर रहे हैं।
अरविंदर सिंह लवली का इस्तीफा ऐसे वक्त आया है जब कांग्रेस को दिल्ली के भीतर अपना चुनाव प्रचार अभियान तेज करना है। इस्तीफे की प्रमुख वजह आम आदमी पार्टी के साथ ही गठबंधन और उसके बाद कन्हैया कुमार और उदितराज जैसे नेताओं को टिकट दिए जाने को भी बताया जा रहा है। गत दिवस जब इसकी घोषणा हुई थी तब बैठक में इसका पुरजोर तरीके से कांग्रेस के भीतर विरोध हुआ था लेकिन सर्वे और जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने फैसला लिया था।

अरविंदर सिंह लवली इसके पहले भी कांग्रेस से बगावत कर चुके हैं और भाजपा में चले गए थे। भाजपा में भी उन्हें तरजीह नहीं मिली तो फिर से लौटकर कांग्रेस में आए और प्रदेश अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बताया जा रहा है कि वह स्वयं लोकसभा का चुनाव लडऩा चाह रहे थे लेकिन पार्टी नेतृत्व ने उस पर विचार ही नहीं किया।
इस्तीफा देने के बाद माना जा रहा है कि अरविंदर सिंह लवली अपने समर्थकों के साथ फिर से भाजपा में जाएंगे। उनके साथ ही पूर्व सीएम शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित भी नाराज बताए जा रहे हैं। उन्हें मनाने की कोशिश की जा रही है। चुनाव के वक्त पार्टी के भीतर इस तरह की गतिविधियां मुश्किलें बढ़ा रही हैं। इस बार भरोसा था कि आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की वजह से कांग्रेस का दिल्ली में खाता खुलेगा।

Share.
Leave A Reply