रीवा। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग के मंत्री राजेन्द्र शुक्ला के शहर रीवा में उपचार के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। श्यामशाह मेडिकल कॉलेज रीवा के गांधी स्मृति चिकित्सालय के गायनी विभाग में प्रसव के बाद महिलाओं ने अपनी याददास्त खो दी है। वे अपने परिवार के सदस्यों को नहीं पहचान पा रही हैं। इस वाक्ये से चिकित्सक भी हैरान हैं। अस्पताल में हड़कंप मचा है। महिलाओं का चिकित्सकों की देखरेख में उपचार चल रहा है। उनमें से तीन की हालत सामान्य बताई जा रही।

गांधी स्मृति चिकत्सालय के गायनी विभाग में  पांच महिलाओं का सीजेरियन आपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद उनको नार्मल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया, लेकिन प्रसूताओं को होश ही नहीं आया। काफी देर तक जब महिलाएं बेसुध रहीं तो परिजनों की भी चिंता बढऩे लगी। कुछ समय बाद महिलाओं को होश आया, लेकिन वे अपने परिजनों को नहीं पहचान रही थीं। यह देखकर परिजन भी घबरा गए। आनन फानन में अस्पताल में स्टाफ को इसकी जानकारी दी। खबर लगते ही पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया। अस्पताल अधीक्षक डाॅ. राहुल मिश्रा सहित अन्य चिकित्सकों ने वार्ड में पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और उक्त महिलाओं को समुचित उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। दो की हालत काफी ज्यादा खराब बताई जा रही है।

——————
दवाइयों का रिएक्शन होने की आशंका

प्रसव के बाद महिलाओं की यह स्थिति किन कारणों से बनी, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक जांच में महिलाओं को दी गई किसी दवाई का रिएक्शन होने की संभावना चिकित्सकों द्वारा व्यक्त की जा रही है। हालांकि गड़बड़ी कहां पर हुई, इसमें किसकी लापरवाही थी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल चिकित्सक भी महिलाओं को जल्द स्वस्थ करने का प्रयास कर रहे हैं।
—————

अमानक दवाओं पर प्रदर्शन कर चुके हैं डाक्टर

कुछ दिन पहले ही मेडिकल कॉलेज के डाक्टरों ने अमानक दवाओं की सप्लाई का मामला उठाकर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। इतनी बड़ी लापरवाही ऐसे समय आई है जब स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ला लगातार बैठकें रीवा में कर रहे हैं।

—–

महिलाओं का सीजर से प्रसव हुआ था। उसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई थी। यह स्थिति किन कारणों से उत्पन्न हुई, इसका खुलासा नहीं हुआ है। महिलाओं को दी गई किसी दवा का साइड इफेक्ट हो सकता है। जांच के बाद ही पूरा मामला सामने आएगा।
डॉ. राहुल मिश्रा, अस्पताल अधीक्षक

Share.
Leave A Reply