नईदिल्ली। बिहार में महागठबंधन में फूट की आशंकाओं के बीच दिल्ली की सरकार में भी संकट की खबरें सामने आई हैें। एक ओर बिहार में जनता दल यूनाइटेड के नेता और मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने महागठबंधन से अलग होने के संकेत देते हुए एनडीए में जाने के संकेत दे रहे हैं। बीते कई दिनों से बिहार में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वहीं अब दिल्ली में मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि दिल्ली की सरकार को गिराने की तैयारी चल रही है। भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के नेताओं ने २१ विधायकों से संपर्क कर पार्टी में फूट डालने का प्रयास किया है। आरोप लगाया कि विधायकों की खरीद फरोख्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं बिहार के घटनाक्रम पर सभी राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है। लालू यादव की राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस सहित अन्य घटक दलों ने अपने विधायकों को एक जुट करने के लिए बैठकें बुलाई हैं।
नीतिश कुमार एक बार फिर पाला बदलने की तैयारी कर रहे हैं और दिल्ली के भाजपा नेतृत्व के संपर्क में हैं। वहीं बिहार के भाजपा नेता अब नीतिश कुमार के साथ जाने को तैयार नहीं है। उनका कहना रहा है कि नीतिश के लिए भाजपा का दरवाजा बंद रहा है। राष्ट्रीय नेतृत्व के इशारे के बाद भाजपा के बिहार में बड़े नेता सुशील मोदी ने भी कहा है कि राजनीति में दरवाजे हमेशा के लिए बंद नहीं रहते। जरूरत पर दरवाजे खुल भी सकते हैं। मीडिया में लगातार अटकलबाजी चल रही है लेकिन आधिकारिक रूप से अभी गठबंधन को लेकर कोई बयान नहीं आया है। राजद और कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि वह नीतिश कुमार के कदम का इंतजार कर रहे हैं। वहीं भाजपा अपने शीर्ष नेतृत्व के निर्णय का इंतजार कर रही है।
—