रीवा। भाजपा नेता के पिता के साथ बाइक सवार बदमाशों ने ठगी की घटना को अंजाम दिया है। बदमाशों ने पुलिसकर्मी बनकर उनकी चेन व अंगूठी उतरवाई और बाद में उन्हें डुप्लीकेट सामान पकड़ाकर चंपत हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। घटना सिविल लाइन थाने के शांति विहार कालोनी मोड़ की बताई जा रही है।

भाजपा नेता गौरव तिवारी के पिता जयपाल तिवारी सोमवार की दोपहर स्कूटी से दूध लेेने के लिए राजपूत गन फैक्ट्री के सामने स्थित प्योर मिल्क डेयरी में आये थे। दूध लेने के बाद वे वापस घर जाने लगे। शांति विहार कालोनी मोड़ के समीप बाइक में सवार होकर दो की संख्या में बदमाश पहुंचे।

बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उनकेा रोक लिया। उन्हें आगे मर्डर होने की जानकारी दी और अपनी चेन व अंगूठी उतारकर डिग्गी में रखने को बोला। उनकी बातों में आकर पीडि़त ने अपनी चेन व अंगूठी उतार दी। आरोपियों ने बड़ी सफाई से उसे बदलकर डुप्लीकेट चेन व अंगूठी पुडिय़ा में लपेट कर उनको दे दी और मौके से फरार हो गए।

पीडि़त ने जब घर पहुंंचकर उसे चेक किया तो चेन व अंगूठी बदली हुई थी। उन्होंने थाने आकर पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। बदमाशों की तलाश में तत्काल सभी थानों को अलर्ट किया गया। एसपी विवेक सिंह के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों ने चेकिंग लगाकर बदमाशों को पकडऩे के लिए नाकाबंदी की लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी गिरोह का हांथ होने की आशंका जताई जा रही है

पुलिस ने चेक किये आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज
इस घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया है। बदमाश बाइक में सवार होकर आए थे जिनकी तलाश में पुलिस ने शहर के कई स्थानों में लगे कैमरों को चेक किया। कुछ संदिग्ध कैमरे में कैद हुए है जिनकी तलाश में पुलिस लगी हुई है। उनके संबंध में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

 

Share.
Leave A Reply