रीवा। नगर परिषद हनुमना के अध्यक्ष सहित कई पार्षदों द्वारा भाजपा की सदस्यता लिए जाने के बाद मंगलवार को सभी मीडिया के सामने आए और कहा कि धोखे से उन्हें भाजपा का पट्टा पहना कर सदस्यता लिए जाने की बात प्रचारित की गई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना के आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अध्यक्ष सहित 10 पार्षद सामने आए और उस घटनाक्रम पर अपना स्पष्टीकरण दिया है।
नगर परिषद के अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने बताया कि बीते कई महीने से फंड की समस्या आ रही है जिसके लिए लगातार वह पत्राचार कर रहे थे। जब सरकार की ओर से मदद नहीं की गई और कर्मचारियों को वेतन वितरित करने की भी समस्या होने लगी तब सभी पार्षदों के साथ तय किया गया कि मुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री से मिलकर फंड आवंटित करने के लिए मांग उठाई जाएगी। इसके लिए सभी लोग भोपाल पहुंचे और बताया गया कि मुख्यमंत्री से भाजपा कार्यालय में मुलाकात होगी। जहां पर भाजपा के कुछ लोग मौजूद थे और मुलाकात करने के लिए मंच पर ले गए और सभी के गले में भाजपा का पट्टा डालकर फोटो खिंचवाई और उसे वायरल कर दिया।
अध्यक्ष गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि वह सुखेंद्र सिंह बन्ना के साथ कांग्रेस में है और आगे भी रहेंगे। उनके साथ भाजपा के लोगों ने धोखा किया है। इस दौरान दूसरे पार्षदों ने भी कहा है कि इस पूरे घटनाक्रम में उन्हें गुमराह कर चुनावी समय में भाजपा ने फायदा उठाने का प्रयास किया है।
इस दौरान उपाध्यक्ष शरद गुप्ता, पार्षद शहाबुद्दीन अंसारी, श्यामजी ओझा, चंद्रकली प्रजापति, रजनीश साकेत, नवनीत गुप्ता, शकुंतला सेन, बबोली कोल, रानी नागेंद्र मिश्रा आदि पार्षदों ने भी कहा है कि वह कांग्रेस में हैं।
…
भाजपा छल-कपट की नीति अपना रही : बन्ना
इस पूरे मामले में कांग्रेस नेता सुखेन्द्र सिंह बन्ना ने कहा है कि भाजपा स्थानीय स्तर से लेकर केंद्र तक छल कपट की राजनीति कर रही है। अध्यक्ष और पार्षद क्षेत्र के विकास के लिए बात करने गए थे लेकिन धोखे से उन्हें पार्टी में सदस्यता दिलाए जाने की बात प्रचारित कराई गई। इस घटनाक्रम से भाजपा का चाल और चरित्र सबके सामने आया है। उन्होंने दावा किया है कि रीवा में लोकसभा की सीट कांग्रेस पार्टी जीतेगी।