Mauganj news :मऊगंज जिले के गड़रा गांव में 15 मार्च को हुई हिंसा की गाज गिरना शुरू हो गई है। देररात कलेक्टर और एसपी को हटा दिया गया। संजय कुमार जैन को नया कलेक्टर और दिलीप कुमार सोनी को पुलिस कप्तान बनाया गया है। जबकि अजय श्रीवास्तव को मंत्रालय व रसना ठाकुर को पीएचक्यू अचैट किया गया है। 2015 बैच के संजय कुमार जैन अभी तक उप सचिव थे। उनके पास लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन विभाग तथा अपर प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश राज्य परिसम्पत्ति प्रबंधन कंपनी भोपाल तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार था। इसी तरह दिलीप कुमार सोनी आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर उज्जैन में तैनात थे। दोनों अफसरों पर सरकार ने भरोसा जताते हुए मऊगंज की जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों अफसरों के पास मऊगंज में शांति व्यवस्था कायम करना बड़ी चुनौती होगी।
—
पहले भी एसपी पर रहे हैं गंभीर आरोप
मऊगंज की एसपी रसना ठाकुर पर पहले भी गंभीर आरोप लगते रहे हैं। विधायक प्रदीप पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हटाने मांग बड़े अधिकारियों से उठाई थी। विधायक ने कलेक्टर के खिलाफ भी मोर्चा खोल रखा था लेकिन दूसरे भाजपा विधायक के संरक्षण की वजह से अब तक दोनों अधिकारी मऊगंज में जमे रहे हैं। कई संगठनों ने आरोप लगाया है कि जब से मऊगंज जिला बना और ये दोनों अधिकारी पदस्थ हुए हैं तब से जिले में नशा माफिया का बर्चस्व बढ़ा है और अपराध बढ़ रहे हैं। एक वर्ष के भीतर जिले में कई ऐसी घटनाएं हुईं जिसमें मुख्यमंत्री को हस्तक्षेप करना पड़ा है।
मऊगंज हिंसा में लापरवाह रहे कलेक्टर-एसपी हटाए गए
लगातार हटाने की उठाई जा रही थी मांग