Thursday, September 19

————-

रीवा। रीवा जोन में नशा सप्लाई की एक बड़ी चेन पुलिस ने तोड़ी है। सागर के थोक दवा विक्रेता व उसके पुत्र को गिरफ्तार किया गया है। उसने रीवा जोन में करोड़ों की नशीली सिरप सप्लाई की है। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
दरअसल, चोरहटा पुलिस ने एक तस्कर के पास से 800 शीशी नशीली सिरप पकड़ी थी। आरोपियों से पूछताछ की गई तो सागर की टाटा फार्मा कंपनी का नाम सामने आया। उसने सिरप की सप्लाई की थी। पुलिस ने उक्त फर्म की कुंडली खंगाली तो उसके द्वारा बड़ी मात्रा में नशीली सिरप रीवा जोन में सप्लाई करने की जानकारी मिली।

आइजी एमएस शिकरवार, डीआइजी साकेत प्रकाश पाण्डेय व एसपी विवेक सिंह ने इस सप्लाई चेन को तोडऩे के लिए स्पेशल टीम गठित की, जिसने सागर में फर्म के आफिस मेंं दबिश दी। इस दौरान संचालक अरविंद जैन व उसका पुत्र सीटीजन उर्फ सीत्तू जैन को हिरासत में ले लिया गया।

आरोपियों के जब दस्तावेज खंगाले गए तो उनके पास सप्लाई से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले। इस फर्म ने आठ माह में डेढ़ से दो करोड़ रुपए की नशीली सिरप रीवा सहित आसपास के दूसरे जिलों में सप्लाई की थी, जिसके बिल उनके पास नहीं मिले हैं। पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर पुलिस रीवा लेे आई। उनसे नशीली सिरप तस्करी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले में रीवा जिले के भी कुछ तस्करों के नाम सामने आए हैं जो कंपनी से सिरप की सप्लाई लेते थे। पुलिस ने उनको भी राॅडार पर लिया है।

——————————–

ऐसे करते थे सप्लाई, खाते से पकड़ में आई फर्म

फर्म संचालक अरविंद जैन हिमाचल प्रदेश स्थित कंपनी से थोक में नशीली सिरप मंगवाता था। बाद में इसको तस्करों को नशे के रूप में बिक्री के लिए सप्लाई करता था। तस्कर उसके खाते में रुपए डालते थे और उसके हिसाब से सिरप की खेप सप्लाई कर दी जाती थी। इसका बिल तैयार नहीं किया जाता था। पुलिस के हाथ फर्म का खाता लग गया था, जिसमें लोगों द्वारा रुपए डालने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने जब आगे जांच की तो फर्म का फर्जीवाड़ा सामने आ गया।

——————————–

फर्म की कुंडली तैयार करने में जुटी पुलिस

फर्म संचालक व उसके पुत्र से लगातार अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। फर्म से अभी तक कितने लोगों ने कितनी मात्रा में नशीली सिरप मंगवाई है और किन-किन लोगों ने रुपए डिपाजिट किए हैं उन सभी की पुलिस कुंडली तैयार करने में जुट गई है। मामले में अभी दूसरे तस्करों के नाम भी बढ़ेंगे जिन्होंने रकम खाते में डिपाजिट की है। कार्रवाई में डीएसपी मैहर राजीव पाठक, एसडीओपी त्योंथर उदित मिश्रा, सीएसपी रीतु उपाध्याय, थाना प्रभारी श्रंगेश सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक शैल यादव, उपनिरीक्षक कन्हैया बघेल, उपनिरीक्षक संजीव शर्मा, उपनिरीक्षक रामनरेश तिवारी, उपनिरीक्षक इंद्रबली सिंह, उपनिरीक्षक विजय सिंह शामिल रहे।


सागर की एक फर्म संचालक व उसके पुत्र को गिरफ्तार किया गया है। उनके खातों में तस्कर रुपए डालते थे और वे कंपनी से सिरप मंगवाकर नियम विरुद्ध तरीके से सप्लाई करते थे। दोनों से पूछताछ की जा रही है। कुछ अन्य तस्करों के नाम सामने आए हैं जिनकी भी तलाश की जा रही है। इससे पूर्व यूपी के भी तीन मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार हो चुके हैं। नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
एमएस शिकरवार, आईजी रीवा

Share.
Leave A Reply