रीवा। सरेराह एक युवक पर बाइक सवार आरोपियों ने फायर कर दिया। गोली युवक के पैर में लगी है जिसे परिजन थाने लेकर पहुंच गए। तत्काल पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। घटना को अंजाम देने वाला आरोपी फरार हैं जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
विश्वविद्यालय थाने की निराला नगर में गुरुवार की रात करीब 8:00 बजे आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया है। राज कुशवाहा निवासी निराला नगर गुरुवार की रात मोहल्ले के समीप खड़ा हुआ था। इस समय आरोपी सत्यम मोराई वहां पहुंचा और युवक के साथ विवाद करने लगा। गाली गलौज करते हुए आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जेब से कट्टा निकाल कर फायर कर दिया।
गोली युवक के पैर में लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने से पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग पहुंच गए। भीड़भाड़ एकत्र होते देख आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलती ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया है। युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। आरोपी आदतन अपराधी बताया जा रहा है जिसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज है।
……

विश्वविद्यालय थाने के निराला नगर में गोली चलने की घटना हुई है। गोली युवक के पैर में लगी है जिसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है। घटना अंजाम देने वाली आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नवीन तिवारी, सीएसपी रीवा

Share.
Leave A Reply