मऊगंज. जिले के शाहपुर थाने के धरमपुरा गांव में अपनी अहरी जा रहे एक व्यक्ति को रोककर चचेरे भाई ने हमला किया और बाद में ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या कर दी। ओवरब्रिज के समीप हुई घटना के बाद अस्पताल में हंगामा मच गया।
कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। हालांकि पुलिस की समझाइश के बाद परिजन शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
सर्वादानंद त्रिपाठी पिता महानंद त्रिपाठी निवासी देवरा धरमपुरा बीती शाम करीब साढ़े पांच बजे अपने घर से अहरी जा रहे थे। ओवरब्रिज के समीप ही सत्यप्रकाश त्रिपाठी अपना ट्रैक्टर लेकर आया और पीडि़त पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। वे घायल अवस्था में सड़क पर गिर गए, जिस पर आरोपी ने बैक कर उन पर फिर से ट्रैक्टर चढ़ा दिया। भीड़ एकत्र होने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन पहुंच गए और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद बवाल मच गया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन हंगामा करने लगे। शव का पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों का कहना था कि उनको पहले आरोपी की पत्नी सुनीता व दोनों बेटे विशाल व विनय ने रोक लिया था। उसके बाद आरोपी ने ट्रैक्टर चढ़ा दिया। उनके खिलाफ भी प्रकरण पंजीबद्ध हो।
पुलिस ने जांच के बाद अन्य आरोपियों को भी नामजद करने का आश्वासन दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर बरामद कर लिया है।
—————–
काफी समय से चल रहा था जमीनी विवाद
दोनों पक्षों के बीच काफी समय से जमीनी विवाद चल रहा था। काफी समय से चले आ रहे विवाद पर ही आरोपी ने इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया। किसी ने सपने में भी कल्पना नहीं की थी कि जमीनी विवाद में आरोपी इतनी बड़ी घटना को अंजाम देगा। हालांकि पुलिस अभिरक्षा में आरोपी एक्सीडेंट होने की जानकारी दे रहा था।
—————–
जांच शुरू कर दी गई है : पुलिस
मऊगंज एसडीओपी अंकिता सुल्या (SDOP Ankita Sulya) ने बताया कि मृतक व्यक्ति का आरोपी से जमीनी विवाद चलता था, जिसमें उसने ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। परिजन कुछ अन्य आरोपियों के शामिल होने की जानकारी दे रहे हैं जिसकी भी जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आयेंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जायेगी।