रीवा। नशामुक्ति केंद्र के चिकित्सक की उसके डायरेक्टर, प्रोजेक्ट मैनेजर सहित पांच लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। डायरेक्टर और प्रोजेक्ट मैनेजर फरार हैं।

सिविल लाइन थाने के ढेकहा स्थित न्यू संकल्प नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में पदस्थ चिकित्सक डाॅ. रुद्रसेन गुप्ता को नशामुक्ति केंद्र के प्रोजेक्ट मैनेजर नीलेश तिवारी ने सोमवार को केंद्र बुलवाया था। दोपहर में चिकित्सक केंद्र पहुंचे तो डायरेक्टर शशांक तिवारी, प्रोजेक्ट मैनेजर नीलेश तिवारी, राजकुमार तिवारी, प्रसून तिवारी व प्रियंका तिवारी ने उनके साथ जमकर मारपीट की। इसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद घायल को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया गया, जहां रात में उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। तीन आरोपी प्रसून तिवारी, शशांक तिवारी व प्रियंका तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

————

विवाद की दो वजह

1.आरोपियों के मुताबिक चिकित्सक द्वारा नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक मरीज की पत्नी के साथ अश्लील बातचीत की जा रही थी, जिसकी शिकायत उसने डायरेक्टर से कर दी थी। इसी विषय पर बातचीत करने के लिए उन्होंने चिकित्सक को बुलवाया था, जहां उनके साथ मारपीट कर दी।2. परिजनों ने पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की जानकारी दी है। दो माह पूर्व तक वे नशा मुक्ति केंद्र में काम करते थे। पैसों का भुगतान नहीं किया गया था। अब वास्तविकता क्या है यह तो जांच के बाद ही सामने आएगा।

————

डायल 100 को बुलाया, छेडख़ानी की रिपोर्ट लिखाने आए थाने

मारपीट में जब चिकित्सक गंभीर रूप से घायल हो गए तो आरोपियों ने डायल 100 को फोन लगाया और चिकित्सक द्वारा छेडख़ानी करने की जानकारी दी। जब डायल 100 पहुंची तो चिकित्सक घायल अवस्था में पड़े थे। उनको तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं आरोपी चिकित्सक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवाने आए थे, लेकिन चिकित्सक की मौत हो गई तो वे फरार हो गए।

————

नशा मुक्ति केंद्र में चिकित्सक के साथ आरोपियों ने मारपीट की थी। इसमें उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में महिला के साथ छेडख़ानी का मामला सामने आया है। 5 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। तीन को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

विवेक सिंह, एसपी रीवा

Share.
Leave A Reply