रीवा। शहर के स्त्री रोग विशेषज्ञों ने सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते मामलों पर चर्चा के लिए कार्यक्रम आयोजित किया। शहर के होटल सेलेब्रेशन में आयोजित कार्यक्रम में शहर के साथ ही बाहर से भी कई वक्ताओं को बुलाया गया था। मुंबई की डॉ. प्रिया गणेश कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर मौजूद रहीं।

उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर दुनियाभर में महिलाओं में तेजी से बढ़ रहा है। इसके शुरुआती लक्षणों को नजरंदाज नहीं करना चाहिए। दुनिया के कई देशों में इसके टीके भी दिए जा रहे हैं।  भारत में भी आने वाले दिनों में इसकी रोकथाम और इलाज की सुविधाएं विकसित होंगी। डॉ. प्रिया ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर में इलाज कैंसर के चरण, महिलाओं की उम्र, अन्य बीमारियों आदि पर भी निर्भर करता है। अभी शुरुआती दौर में ही जानकारी मिलने पर मरीज ठीक किए जा रहे हैं।

यह गर्भाशय के मुंह का कैंसर होता है, जिससे महिलाओं का स्वास्थ्य तेजी के साथ प्रभावित होता है। मौतें भी इस पर बड़ी संख्या में हो रही हैं। इस दौरान डॉ. गीता बनर्जी, डॉ. खनीजो, डॉ. शैलबाला ने भी अपने वर्षों के अनुभव साझा किए और कहा कि अब नई बीमारियां सामने आ रही हैं तो इलाज के लिए तकनीकी भी विकसित की जा रही है।

मेडिकल कालेज की विशेषज्ञ डॉ. पद्मा शुक्ला ने कहा कि रीवा में भी सर्वाइकल कैंसर से जुड़े केस तेजी से सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए बड़े पैमाने पर जागरुकता का कार्यक्रम चलाने की जरूरत है। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को भी जागरुक करना होगा ताकि वह प्रारंभिक लक्षणों के समय ही जांच करा सकें। कार्यक्रम में कई अन्य विशेषज्ञों ने भी अपनी बात रखी। अंत में वर्षों से सेवाएं दे रही डाक्टर्स को सम्मानित भी किया गया।

Share.
Leave A Reply