रीवा। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण का अध्यक्ष फिर से राजेन्द्र शर्मा को बनाया गया है। पीसीसी के संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने यह नियुक्ति पत्र जारी किया है। इसके पहले भी शर्मा ग्रामीण कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं। विधानसभा चुनाव में रीवा सीट से पार्टी ने उन्हें प्रत्याशी बनाया था। इस कारण उन्होंने स्वयं पद छोड़ दिया था और कहा था कि जिले की सभी सीटों के लिए वह पर्याप्त समय नहीं दे पाएंगे।

पार्टी ने त्रियुगीनारायण शुक्ला को अध्यक्ष बनाया लेकिन वह भी संगठन के लिए अधिक समय नहीं दे पाए। पार्टी की कमान उन्हें ऐसे समय दी गई थी जब वह सेमरिया सीट से प्रत्याशी थे और टिकट नहीं मिलने की वजह से बगावत पर उतर आए थे और सामूहिक रूप से दर्जनभर नेताओं के साथ प्रदेश नेतृत्व से निर्णय बदलने की मांग की थी।

पार्टी ने डैमेज कंट्रोल के लिए अध्यक्ष बनाया लेकिन सेमरिया में वह प्रचार के लिए नहीं गए। चुनाव के दौरान अन्य सीटों पर भी उनकी ओर से कोई खास भूमिका नहीं निभाई गई। मतगणना के बाद से पार्टी कार्यालय में सन्नाटा है। कार्यकर्ताओं के साथ शुक्ला ने किसी तरह का संवाद नहीं किया और एक दिन पहले ही जिला अध्यक्ष के पद से त्यागपत्र दे दिया।

अब पार्टी ने राजेन्द्र शर्मा को फिर से जिम्मेदारी सौंपी है। शर्मा ने अपने पहले कार्यकाल में पार्टी को बूथ लेवल तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। जिले में २०१६ बीएलए की नियुक्ति कराई, इसके पहले कांग्रेस पार्टी की ओर से बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं की सूची निर्वाचन आयोग तक नहीं पहुंची थी। जिले की आठ में सात सीटें हारने की वजह से कार्यकर्ताओं में हताशा है, इससे उबारने के साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव के हिसाब से कार्यकर्ताओं को तैयार करना बड़ी चुनौती होगी। साथ ही पार्टी के भीतर गुटबाजी और चुनावों में भितरघात करने वाले नेताओं को भी साधना होगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने अब लोकसभा का चुनाव चुनौती रहेगा।

Share.
Leave A Reply