रीवा। लोकसभा चुनाव की मतगणना के लिए शहर के इंजीनियरिंग कालेज में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। जहां पर रीवा-मऊगंज के सभी मतदान केन्द्रों में हुए मतदान के ईवीएम रखे गए हैं। स्ट्रांग रूम के बाहर कई प्रत्याशियों के प्रतिनिधि 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं। इनका भरोसा बना रहे इसलिए प्रशासन ने सीसीटीवी का डिस्प्ले बोर्ड बाहर भी लगाया है।
दोपहर तीन विधानसभा क्षेत्रों से आए ईवीएम के कक्ष के कैमरे अचानक बंद हो गए। जिसकी वजह से वहां पर मौजूद प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों ने शोरशराबा शुरू कर दिया। इसकी सूचना तकनीकी अधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने कुछ देर के बाद कैमरा चालू करा दिया है। वहीं अब प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों ने सवा उठाए हैं।
बसपा प्रत्याशी अभिषेक पटेल के प्रतिनिधि विश्वनाथ चोटीवाला ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे त्योथर, सेमरिया और सिरमौर विधानसभा क्षेत्रों के ईवीएम का सीसीटीवी कैमरा बंद हो गया। आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद बड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 2.19 बजे इसे चालू किया जा सका।
इस कारण आशंका है कि बार-बार कैमरे किसी साजिश के तहत भी बंद किए जा सकते हैं। वहीं कैमरे बंद होने की सूचना पर कई प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे थे, जिन्होंने तकनीकी खराबी बताया है। इसके पहले विधानसभा चुनाव में भी इसी तरह लगातार कैमरा बंद हो रहा था, जिसके चलते कई दिन प्रत्याशियों के समर्थकों ने हंगामा भी मचाया था। लोकसभा चुनाव में अब तक कैमरे सही चल रहे थे। पहली बार प्रत्याशियों के समर्थकों ने आपत्ति दर्ज कराई है।
————————
कांग्रेस प्रत्याशी ने कलेक्टर को लिखा पत्र
लोकसभा क्षेत्र रीवा से कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी नीलम मिश्रा ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखा है। जिसमें भाजपा प्रत्याशी जनार्दन मिश्र और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के इशारे पर काम करने का आरोप है। उन्होंने कहा है कि जिस तरह से कैमरे बंद हो रहे हैं उससे बड़ी साजिश रचने की आशंका जताई जा रही है।