शहडोल. मुख्यालय से लगे कल्याणपुर में दो दिन पूर्व छात्रा के साथ गैंगरेप करने वाले आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में से दो आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से ही कई प्रकरण दर्ज है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस व प्रशासन ने बुधवार को आरोपियों के मकान व दुकान को गिराने की कार्रवाई की है। बुधवार की दोपहर मौके पर पहुंची प्रशासन व पुलिस की टीम ने बुलडोजर की मदद से आरोपियों के घर व अन्य निर्माण कार्यों को ढहा दिया है।

उल्लेखनीय है कि घटना कारित करने के बाद पांचों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पीडि़ता की शिकायत के बाद मंगलवार की दोपहर पुलिस टीम पीडि़ता को लेकर मौके पर पहुंची थी और घटना स्थल का मुआयना करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीम बनाई थी।

मामले में एसपी की गठित टीम ने पांचों आरोपियों ऐश्वर्य निधि गुप्ता उर्फ लल्लू गुप्ता पिता स्वामीशरण गुप्ता 36 वर्ष निवासी ग्राम कल्याणपुर, साहिल कुरैशी पिता सहीद कुरैशी 22 वर्ष निवासी ग्राम कल्याणपुर, कैलाश उर्फ मन्नू पनिका पिता राजू पनिका 29 वर्ष निवासी कल्याणपुर, मो. समीम पिता मो. अकरम 18 वर्ष निवासी ग्राम कल्याणपुर, मो. अफजल अंसारी पिता मो. फारुख अंसारी 28 वर्ष निवासी ग्राम कल्याणपुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों के घरों को चिन्हित कर किया जमीदोज
आरोपियों की पहचान होने के साथ ही पुलिस व प्रशासन ने उनके मकानों व अतिक्रमण को चिन्हित कर कार्रवाई के लिए आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी थी। बुधवार की दोपहर प्रशासनिक अधिकारी के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पांचो आरोपियों के मकानो व निर्माण कार्यों को चार जेसीबी से तोडऩे की कार्रवाई की गई। इस दौरान एसडीएम अरविंद शाह, सीएसपी राघवेन्द्र द्विवेदी, डीएसपी यातायात मुकेश दीक्षित, तहसीलदार दिव्यां सिंह, टीआई कोतवाली राघवेन्द्र तिवारी, सोहागपुर टीआई भूपेन्द्र मणि पाण्डेय सहित पुलिस व प्रशासन की टीम मौजूद रही।

अपराधिक गतिविधियों का गढ़ है कल्याणपुर
नशे के कारोबार के साथ ही अपराधिक गतिविधियां कल्याणपुर में बड़ी तेजी से बढ़ी है। कमजोर गस्त के चलते यहां असमाजिक तत्वों का जमघट लगा रहता है। मंगलवार को पुलिस सर्चिंग के दौरान भी घटना स्थल के आस-पास कई प्रतिबंधित दवा व नशीली सामग्री मिली थी। यहां आए दिन घटनाएं घटित होती रहती है। इनमें से कुछ ही मामले थाना तक पहुंच पाते हैं। जानकारों की माने तो कल्याणपुर में नशे का कारोबार बड़े स्तर पर चल रहा है।

.

दो बड़ी स्कूलों का संचालन, छात्राओं की रहती है आवाजाही

कल्याणपुर में दो बड़े विद्यालयों का संचालन हो रहा है। यहां हजारों की तादाद में छात्र-छात्रा अध्यापन के लिए आते हैं। ऐसे में इस क्षेत्र में बढ़ रही अपराधिक घटनाएं कई सवाल खड़े कर रहे हैं। कमजोर पुलिस गश्त के चलते असमाजिक तत्वों के हौसले बुलंद है। इन पर अंकुश लगाने कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए तो निकट भविष्य में और भी घटनाएं घटित हो सकती है। दो बड़े स्कूलों के संचालन की वजह से यहां पर छात्राओं की आवाजाही बनी रहती है। कई बाद शाम तक छात्राओं को इस रूट से गुजरना पड़ता है। घटनास्थल भी कुछ दूरी पर था। स्थानीय लोगों की मानें तो पूर्व में भी कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन कई मर्तबा इस तरह के केस थाने और परिजनों तक नहीं पहुंच पाते हैं।

पूर्व से दर्ज हैं अपराधिक प्रकरण
जानकारी के अनुसार छात्रा के साथ गैंगरेप के आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से ही प्रकरण दर्ज है। इनमें से
ऐश्वर्य निधि गुप्ता व कैलाश उर्फ मन्नू पनिका पर मामला दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि आरोपियों के खिलाफ जिलाबदर भी पेश हो चुका है लेकिन इन पर कार्रवाई नहीं हुई थी। दोनों आरोपियों में कुछ के विरुद्ध हत्या का प्रयास, सट्टा जुआं व कुछ आरोपी नशीली दवाइयों बिक्री व अन्य अपराध में संलिप्ता पाए जाने पर मामला दर्ज किया गया था। जल्द ही पुलिस एनएसए लगाने की तैयारी कर रही है।

घटना के वक्त आरोपी अज्ञात थे। पहचान करा पाना बहुत मुश्किल था। पुलिस ने 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अवैध अतिक्रमण भी कर रखा था, जिसे हटवाया गया है।
कुमार प्रतीक, एसपी शहडोल

Share.
Leave A Reply