Friday, February 7
Infidelity: When the husband got married for the second time, the wife hatched a dreadful conspiracy with her lover.

———————-
रीवा। शहर में सरेराह केके कार बाजार के संचालक पर फायर करने की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पति की हत्या की सुपारी पत्नी ने ही अपने प्रेमी को दी थी जिसके बाद प्रेमी ने उसकी हत्या करने के इरादे से फायर किया था लेकिन गोली हाथ में लगी जिससे जान बच गई। पुलिस ने पत्नी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

विवि थाने के स्टेडियम तिराहे के समीप केके कार बाजार के संचालक कादिर हुसैन फोरव्हीलर वाहन से रात करीब दस बजे घर जा रहे थे। जैसे ही वे खुटेही मस्जिद के समीप आए तभी पीछे से बाइक से आए दो आरोपियों ने उन पर फायर कर दिया, गोली उनके हाथ में लगी थी।

इस घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने टीम गठित की थी। थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने जब पूरे मामले की जांच शुरू की तो पीडि़त के परिजनों पर ही शक की सुई टिक गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान रेहान खान निवासी घोघर थाना सिटी कोतवाली को पकड़ा गया तो उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

हत्या की साजिश पीडि़त की पत्नी शकीना बेगम ने रची थी जिसने अपने प्रेमी रेहान को सुपारी दी थी। पति की मौत के बाद उसने रेहान के साथ शादी करने का वादा किया था। साजिश के मुताबिक आरोपी एक नाबालिग को घटना में शामिल कर पीडि़त के दुकान से निकलने का इंतजार कर रहा था। जैसे ही वे गाड़ी से निकले तो उनका पीछा कर लिया और खुटेही मस्जिद के पास फायर कर दिया। आरोपी का निशाना चूक गया और गोली उनके हाथ में लगी जिससे जान बच गई। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी रिहान और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है।
——————-

दूसरी शादी को लेकर कई दिनों से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद

केके कार बाजार के संचालक कादिर हुसैन ने कुछ माह पूर्व दूसरी शादी करने का फैसला किया था। अपने इस फैसले से जब उन्होंने पत्नी को अवगत कराया तो पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। कई दिनों से विवाद चल रहा था जिस पर कुछ दिन पूर्व दोनों पत्नियों को साथ रखने की बात पर सहमति भी बन गई थी लेकिन पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रच डाली।

———————

पिस्टल व बाइक बरामद करने पुलिस ने लिया रिमांड

गोली कांड के मुख्य आरोपी रेहान को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है। उसकी निशानदेही पर अब घटना में प्रयुक्त हथियार व बाइक बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। आरोपी ने यह सामान कहां छिपाया है इस संबंध में उससे रिमांड पर पूछताछ की जाएगी।

————————

 

कार बाजार के संचालक पर खुटेही मस्जिद के पास फायरिंग हुई थी। इस घटना की साजिश उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। वह पीडि़त की दूसरी शादी करने की जिद से नाराज थी और उसने पति की हत्या के बाद प्रेमी के साथ शादी करने का वादा किया था। एक आरोपी को रिमांड पर लिया गया है जिससे हथियार और बाइक बरामद की जाएगी।
विवेक सिंह, एसपी रीवा

Share.
Leave A Reply