Friday, February 7

रीवा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रीवा के एसएएफ ग्राउंड में आयोजित जनसभा में विपक्ष पर जमकर हमला बोला, साथ ही सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने विपक्षी गठबंधन को परिवारवादी घमंडिया गठबंधन बताया है। कहा कि जितने भी गठबंधन के नेता हैं, सभी अपने परिवार के सदस्यों को ही आगे बढ़ाने में जुटे हुए हैं। इनका नारा ही मैं और मेरा परिवार है। साथ ही भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए यह गठबंधन तैयार किया गया है। इसके कई नेता जेल में है, जो बचे हैं वह बेल पर हैं। इसलिए ऐसे लोगों के हाथ में देश की बागडोर नहीं दी जा सकती। भाजपा को वोट देकर विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सभी लोग अपना योगदान दें। यह चुनाव सिर्फ रीवा के प्रत्याशी जनार्दन मिश्रा का नहीं है, मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सहयोग देने का चुनाव है। नड्डा ने कहा कि हम बड़े सौभाग्यशाली हैं कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के सदस्य हैं और दुनिया के बड़े नेता मोदी हमारा नेतृत्व कर रहे हैं। दस साल पहले जहां अगड़ा-पिछड़ा और क्षेत्रवाद पर चुनाव होते थे। वोट बैंक की राजनीति होती थी लेकिन अब मोदी के नेतृत्व में विकासवाद का चुनाव हो गया है। हम जनता के बीच अपना रिपोर्ट कार्ड रख रहे हैं और वोट मांग रहे हैं। कांग्रेस के जमाने में किसी नेता ने अपना रिपोर्ट कार्ड नहीं रखा। हम जो वायदा करते हैं उसे पूरा करते हैं। बचपन में मेरे यहां जब चुनाव होता था तो कांग्रेस के नेता लंबे वादे करते थे। चूना डालकर सड़क निकालने का आश्वासन देकर चले जाते थे। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, मंत्री प्रहलाद पटेल सहित अन्य कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

80 करोड़ लोगों को दे रहे मुफ्त राशन
नड्डा ने केन्द्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई और कहा कि हमने काम किया है इसलिए जनता के बीच जाकर वोट मांग रहे हैं। कहा कि 80 करोड़ जनता को हर माह पांच किलो खाद्यान्न दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश में पांच करोड़ लोग इसका फायदा उठा रहे हैं। इससे किसी के सामने भोजन का संकट नहीं होगा। साथ ही २५ करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर उठाया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, जलजीवन मिशन से देश में खुशहाली आई है, शौचालय हर घर को दिया। आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, गैस सिलेंडर आदि भी दिया। पंचायतों को आप्टिकल फाइबर से जोड़कर हाईटेक बनाया गया है। हाइवे से लेकर गांव-गांव सड़कें और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ है। लाडली बहना योजना से महिलाएं आत्मनिर्भर बनीं हैं।

भ्रष्टाचार और परिवारवाद से भरा है विपक्षी गठबंधन
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में पनडुब्बी घोटाला, कामनवेल्थ घोटाला, कोयला घोटाला, अगस्टावेस्टलैंड हेलीकाप्टर घोटाला, टूजी थ्री जी, शक्कर, चावल सहित ऐसा कोई घोटाला नहीं जो इन्होंने न किया हो। यूपी में लैपटॉप, गोमती रिवर और अनाज घोटाला किया। लालू ने चारा घोटाला, जमीन के बदले नौकरी का घोटाला किया। अरविंद केजरीवाल ने शराब, दवा का घोटाला किया। टीएमसी ने टीचर घोटाला, डीएमके ने बालू घोटाला किया। बीआरएस ने कई घोटाले किए, नेता जेल गए। विपक्षी गठबंधन का नेतृत्व परिवार बचाने वालों के हाथ में है। फारुख अब्दुला का बेटा उमर अब्दुला, सुखबीर बादल, महबूबा मुफ्ती, अखिलेश यादव, चौटाला परिवार, लालू परिवार, ममता बुआ को भी भतीजा ही पसंद आता है। बीआरएस में भी परिवार के लोग हैं। उदयनिधि, स्टालिन भी परिवारवादी लोग हंै। शरद पवार ने बेटी के लिए भतीजे तक को छोड़ दिया। उद्धव को केवल अपना बेटा दिखता है। कांग्रेस में सोनिया को केवल राहुल दिखता है।

राममंदिर और सनातन के विरोधी हैं विपक्षी
राम मंदिर का उल्लेख भी नड्डा ने किया। कहा कि कांग्रेस ने राम को काल्पनिक बताया था, कोर्ट में शपथ पत्र दिया था। वैज्ञानिक आधार मांग रहे थे। रामलला के मंदिर का निमंत्रण भी ठुकरा दिया। इसलिए जनता ने मन बनाया है कि रामविरोधियों को मजा चखाना है। सनातन का मुद्दा भी भाजपा अध्यक्ष ने उठाया। कहा कि इनके गठबंधन में सनातन विरोधी लोग हैं। सनातन को डेंगू, मलेरिया, एचआईवी बोलते रहे। कांग्रेसी इनकी बातों का खंडन नहीं कर पाए। अब इन्हें घर बैठाना है।

Share.
Leave A Reply