Friday, February 7

मंडला. कान्हा टाइगर रिजर्व के गौर संजय टाइगर रिजर्व में रौनक बढ़ा रहे हैं। यहां आधा सैंकड़ा गौर भेजे जाने का लक्ष्य है। जिसमें अब तक 34 गौर भेज दिए गए हैं।

पिछले साल भेजे गए 28 गौर पूरी तरह से स्वस्थ्य हैं और बच्चों को जन्म देकर वंशवृद्धि कर रहे हैं। हाल ही में 8 और 9 अप्रेल को 6 गौर का विस्थापन किया गया।

क्षेत्र संचालक कान्हा टाइगर रिजर्व एसके सिंह ने बताया कि दो दिन में गौर पुर्नस्थापना कार्यक्रम अंतर्गत कान्हा टाइगर रिजर्व से संजय टाइगर रिजर्व में 6 गौर का विस्थापन किया गया। जिसमें 4 मादा एवं 2 नर गौर शामिल हैं।

यह कार्यक्रम संजय टाइगर रिजर्व सीधी में 50 गौर का स्थानांतरण किए जाने का भाग है। बताया गया कि कान्हा टाइगर रिजर्व से जून 2023 में 28 गौर का विस्थापन किया गया था। पूर्व में पहुंचे गौर पूर्णत: स्वस्थ है एवं वहां जाकर उनके द्वारा बच्चों को जन्म देकर वंशवृध्दि की जा रही है।

दो दिवसीय गौर पुर्नस्थापना कार्यक्रम में 8 अप्रेल को 1 नर एवं 1 मादा तथा 9 अप्रेल को को 1 नर एवं 3 मादा को क्रमश: किसली एवं कान्हा परिक्षेत्र से संजय टाइगर रिजर्व सीधी में 3 ट्रांसलोकेश वाहन द्वारा स्थानान्तरित किया गया।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक जेएस चौहान, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख असीम श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक अतुल श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक मानव संसाधन शुभरंजन सेन, क्षेत्र संचालक कान्हा टाइगर रिजर्व एसके सिंह, उप संचालक कोर जोन कान्हा टाइगर रिजर्व पुनीत गोयल, उप संचालक बफर जोन कान्हा टाइगर रिजर्व अमिता केबी, भारतीय वन्यजीव संस्थान देहरादून के वन्यप्राणी विशेषज्ञ दल प्रमुख पराग निगम एवं उनके सहयोगी टीम मध्यप्रदेश के विभिन्न टाईगर रिजर्व के वन्यप्राणी चिकित्सक एवं संदीप अग्रवाल वन्यप्राणी चिकित्सक कान्हा टाइगर रिजर्व मंडला के साथ कान्हा टाईगर रिजर्व के 60 से अधिक अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिकों ने योगदान दिया।

आठ अप्रेल को कान्हा टाइगर रिजर्व में आचानक मौसम में बदलाव और ओलावृष्टि के कारण थोड़ी समस्या का सामना कराना पड़ा। लेकिन बारिश रूकने के बाद कार्य को सफलता पूर्वक पूर्ण किया गया।

Share.
Leave A Reply