रीवा। भाजपा के संगठनात्मक चुनाव में जिला अध्यक्ष पद के लिए 27 दिसंबर को पार्टी कार्यालय में रायशुमारी होगी। जहां पर करीब 70 लोगों को सुझाव देने के लिए बुलाया गया है। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत सभी अपेक्षित सदस्यों को निर्धारित फार्मेट में तीन-तीन नाम बताने होंगे। इसके साथ ही एक कालम अन्य के लिए निर्धारित किया गया है जिसमें अनुसूचित जाति-जनजाति या महिला दावेदार का नाम बताना होगा।
मंडल अध्यक्ष चयन में पार्टी द्वारा निर्धारित गाइडलाइन का कई स्थानों पर पालन नहीं होने का आरोप सामने आया है। जिस पर भोपाल में आयोजित बैठक में संगठन प्रभारी ने कहा है कि जिला अध्यक्षों के चयन में पारदर्शी प्रक्रिया अपनाएं ताकि किसी कार्यकर्ताओं के मन में किसी तरह का असंतोष नहीं रहे। कहा जा रहा है कि पूर्व में जिला अध्यक्ष पद के लिए 45 से 60 वर्ष तक का नियम बनाया गया था लेकिन अब कहा गया है कि यदि 45 वर्ष से कम आयु के किसी नेता के लिए जिले भर से राय आती है तो उसे भी अवसर दिया जा सकता है।
मंडल अध्यक्ष में कई ऐसे चुने गए हैं जो निर्धारित आयु से अधिक हैं। अब रायशुमारी की तारीख तय होने के बाद कई दावेदार सामने आ रहे हैं जो मंडल अध्यक्षों और हर मंडल से चुने गए जिला प्रतिनिधियों से संपर्क कर रहे हैं। अब संगठन चुनाव के प्रभारी पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में रायशुमारी होगी। इस चुनाव में पार्टी के बड़े नेता भी अपने समर्थकों के लिए समीकरण बैठाने का प्रयास कर रहे हैं।
कहा जा रहा है कि ब्राह्मण बाहुल्य जिले में सांसद, मंत्री, विधायक, नगर निगम स्पीकर सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां इस वर्ग को मिल चुकी हैं। वहीं जनसंख्या के मान से ओबीसी वर्ग अहम है, इसीलिए पूर्व में ओबीसी वर्ग से अजय सिंह पटेल को अध्यक्ष बनाया गया था। इस वर्ग से सत्ता में प्रतिनिधित्व भी कोई बड़ा नहीं है, इस वजह से संगठन में अवसर मिलने की संभावना है। इसके अलावा महिला या फिर अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग से भी अध्यक्ष बनाकर पार्टी चौंका सकती है। जिले में उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के समर्थक अधिक संख्या में हैं। इसलिए इन नेताओं की पसंद ही चेहरा तय करेगी।
—
रायशुमारी में इनको बुलाया गया
भाजपा जिला अध्यक्ष के चुनाव के लिए रायशुमारी में सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, विधानसभा प्रत्याशी, पूर्व जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, राष्ट्रीय पदाधिकारी, संभाग एवं जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जिला प्रतिनिधि, नगर परिषदों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नगर निगम के स्पीकर, भाजपा पार्षद दल के नेता, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश कोर ग्रुप के सदस्यों आदि को बुलाया गया है।
—
ये दावेदार संपर्क में जुटे
जिला अध्यक्ष पद के लिए कई नाम सामने आए हैं। ये लगातार अपेक्षित सदस्यों के संपर्क में हैं। जिसमें प्रमुख रूप से अजय सिंह, वीरेन्द्र गुप्ता, अनिल पटेल, माया सिंह, उमाशंकर पटेल, विभा पटेल, केपी त्रिपाठी, प्रबोध ब्यास, प्रज्ञा त्रिपाठी, गौरव तिवारी, संजय द्विवेदी, अशोक गहरवार सहित कई अन्य बताए जा रहे हैं। हालांकि अंतिम निर्णय संगठन के प्रदेश नेतृत्व पर निर्भर है। मंडल अध्यक्ष के चुनाव में रायशुमारी के विपरीत भी चयन सामने आया है।