Friday, February 7

Bsp president Mayawati Rewa Madhya Pradesh

रीवा। बहुजन समाज पार्टी की रीवा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पार्टी प्रमुख मायावती ने ईवीएम पर एक बार फिर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि ईवीएम पर लगातार आरोप लग रहे हैं, इस बार आम जनचर्चा है कि यदि ईवीएम के जरिए कोई गड़बड़ी नहीं हुई और चुनाव पूरी तरह से निष्पक्ष हुआ तो न ही जुमलेबाजी काम आएगी और न ही गारंटी चलेगी।

भाजपा के नेता पहले भी गारंटी देकर सत्ता में आए हैं लेकिन अब तक पहले की गारंटी हवा हवाई रही है, एक चौथाई बातें भी पूरी नहीं हुईं। मायावती ने कहा कि कांग्रेस की तरह भाजपा सरकार ने भी एजेंसियों का राजनीतिकरण कर दिया है। देश के लोग इनके हथकंडे भलीभांति समझ रहे हैं।

भाजपा और सहयोगी दल इस बार केन्द्र की सत्ता में आसानी वापस आने वाले नहीं हैं। ये जातिवादी, पूंजीवादी और संप्रदायवादी राजनीति करते हैं। बसपा प्रमुख ने कांग्रेस पर भी हमला बोला और कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने लंबे समय तक केन्द्र और राज्यों की सरकार चलाई और गरीबों का शोषण किया। गलत नीतियों के चलते ही कांग्रेस को सत्ता से बाहर होना पड़ा है। कांग्रेस गरीबों और कमजोर तबके के लिए काम नहीं कर पाई, इस कारण बसपा का गठन करना पड़ा था। बसपा इस बार के चुनाव में अकेले मैदान में है, इस कारण भाजपा और कांग्रेस जैसे दलों के लोगों के बहकावे में नहीं आएं। इस दौरान रीवा और सतना के बसपा प्रत्याशियों के साथ ही पार्टी के प्रमुख नेता मौजूद रहे।

इन मुद्दों पर भी घेरा—

एसबीआई बांड —
एसबीआई बांड के नाम देश में बड़ा घोटाला हुआ है, देश की जनता समझ रही। पूंजीपतियों के लिए भाजपा सरकार ने काम किया और उनसे आर्थिक मदद ली। देश का किसान वर्ग भी इस सरकार से दु:खी है। यूपी में चार बार रही बसपा की सरकार ने किसानों के हितों का ध्यान रखा था।

आरक्षण-
सरकारी सेवाओं में आरक्षण का कोटा अब तक नहीं भरा गया है। सरकारी नौकरियों में प्रमोशन का आरक्षण प्रभावहीन बना दिया गया है। प्राइवेट सेक्टर में भी आरक्षण दिए बिना ही सरकारी विभागों में काम दिया जा रहा है। जिससे जरूरतमंद आरक्षण से वंचित हो रहे हैं। इसी के चलते कमजोर तबके का शोषण अब तक जारी है।

– महंगाई-भ्रष्टाचार–
देश में महंगाई और भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ा है। लोग परेशान हैं, वह बदलाव करना चाहते हैं। महिलाओं के साथ प्रताडऩा की घटनाएं भी बढ़ी हैं। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है।

– झूठे सर्वे में गुमराह नहीं हों– मीडिया एवं दूसरी एजेंसियों के सर्वे के जरिए दूसरे दल लोगों को गुमराह कर रहे हैं। इसलिए बसपा के लोग इससे हतोत्साहित नहीं हों और पार्टी को मजबूत बनाएं, जीत हासिल होगी।

– मुफ्त राशन– यह गरीबों का स्थाई हल नहीं है, कुछ समय के लिए जरूर लोगों को सरकार अपनी ओर आकर्षित कर सकती है। मुफ्त राशन की योजना से भाजपा की दुकान चल रही है, वह चुनावों में इसके बदले वोट मांगते हैं। जरूरत हर हाथ को काम देने की है। भाजपा अपनी जेब से राशन नहीं देती, जनता के टैक्स से वाहवाही ले रही है।
– यूपी माडल- लोकसभा चुनाव में बसपा को अवसर मिला तो यूपी में जिस तरह से सरकार चलाई थी, उसी तरह केन्द्र की सरकार भी चलाई जाएगी।

Share.
Leave A Reply