रीवा में मेडिकल नशे के खिलाफ विधानसभा में विशेष चर्चा की उठाएंगे मांग
रीवा। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने रीवा से सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आर्थिक हालात सुधारने में नाकाम रही है। लगातार भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं, जिसमें सरकार से जुड़े लोगों का संरक्षण पाया जा रहा है। यहां कर्ज लेकर भ्रष्टाचारियों को घी पिलाने का काम किया जा रहा है। कई योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सीधे तौर पर भाजपा के लोग भ्रष्टाचार में शामिल रहे हैं। नर्सिंग घोटाले पर कहा कि मंत्री विश्वास सारंग एवं उनसे जुड़े लोगों की भूमिका रही है, इसके सबूत भी दिए फिर भी जवाब देने को सरकार तैयार नहीं है। उप मुख्यमंत्री पर सीधे हमला बोलते हुए कहा कि वह अपने शहर के सरकारी नर्सिंग कालेज की मान्यता बरकरार नहीं रख पाए। सरकारी अस्पताल नाम मात्र के हैं, डाक्टरों ने लूट की दुकान खोल रखी है। इसके बावजूद सरकार की चुप्पी पर सवाल उठते हैं।
सिंघार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब नई ऊर्जा के साथ सरकार की गलत नीतियों का विरोध करेगी। सड़क से लेकर सदन तक विरोध किया जाएगा। रीवा सहित विंध्य क्षेत्र में मैदानी स्तर पर कार्यकर्ताओं का साथ देने के लिए प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों के दौरे नियमित होंगे। इस दौरान उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, जिला अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, विधायक अभय मिश्रा, सुखेन्द्र सिंह बन्ना, गुरमीत सिंह मंगू, लखनलाल खंडेलवाल, कुंवर सिंह, विनोद शर्मा, केपी सिंह, नृपेन्द्र सिंह सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा कहती है कि घोषणा पत्र उनके लिए रामायण-गीता की तरह पवित्र ग्रंथ है। इसका पालन नहीं हो रहा है। किसानों के समर्थन मूल्य बढ़ाने और लाडली बहना योजना में तीन हजार रुपए देने का वादे के चलते सरकार बनी लेकिन बजट में इसका कहीं उल्लेख नहीं है। पहले शिवराज घोषणा करते थे, अब दूसरे आ गए। इनकी नीति एक ही है।
नेता प्रतिपक्ष ने रीवा में सरकारी भूमि देकर कराए गए विकास कार्यों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत महंगी भूमि को कम दाम पर बिल्डर्स को देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस पर नए सिरे से विधानसभा में जानकारी लेंगे। न्यू बस स्टैंड, रिवरफ्रंट, कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम, कलेक्ट्रेट आदि के निर्माण से जुड़ी पूरी जानकारी जनता के सामने आएगी। सिंघार ने कहा कि इसमें नेताओं के भी कमीशन का पर्दाफाश करेंगे। इसके साथ ही कहा कि रीवा में ५० करोड़ से अधिक का पौधरोपण में घपला हुआ है। हर साल पौधे लगाए जाते हैं पर दिखते नहीं हैं।
– उड़ता पंजाब की तर्ज पर है उड़ता रीवा
उमंग सिंघार ने कहा कि उड़ता पंजाब फिल्म हम सबने देखी है, उसी तर्ज पर रीवा में भी नशे का कारोबार है। यहां शराब से ज्यादा मेडिकल नशे का उपयोग हो रहा है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला खुद रोक लगाने में सक्षम नहीं हैं तो यूपी के सीएम योगी के पास गुहार लगाने गए थे। इन्हें अपना पद छोड़ देना चाहिए। इस मामले में विधानसभा में सरकार से बिन्दुवार जवाब लेंगे, क्योंकि यह बात स्पष्ट होना जरूरी है कि इसमें किस नेता और अधिकारी का संरक्षण मिल रहा है।
–
—
भाजपाइयों को शस्त्र देकर गुंडे बना रही सरकार
सिंगरौली जिले के चितरंगी में भाजपा नेता द्वारा एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं को शस्त्र के लाइसेंस दिए जा रहे हैं। आए दिन वह लोगों हमले कर रहे हैं और जान ले रहे हैं। इसके पहले सीधी में आदिवासी पर मूत्र विसर्जन कांड और छात्राओं के रेप जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि कमजोर वर्गों के प्रति अपराध तेजी से बढ़े हैं।