रीवा। शहर के होटल और रेस्टोरेंट में कमरे नाबालिगों को दुष्कर्म जैसी घटनाओं को अंजाम देने के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं। एक मामले की जांच कर रही पुलिस को रेस्टोरेंट में नाबालिग द्वारा परिचित के साथ बलात्कार करने के साक्ष्य सामने आए। पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक को नामजद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, सिविल लाइन थाने में एक किशोरी की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। उसमें उसके रिश्तेदार का नाम सामने आया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर नाबालिग रिश्तेदार को गिरफ्तार किया। नाबालिग ने कॉलेज चौराहे में स्थित रुतबा रेस्टोरेंट में 450 रुपए में केबिन बुक कर किशोरी के साथ दुष्कर्म करने की जानकारी दी। रेस्टोरेंट संचालक ने ऊपरी तल पर छोटे-छोटे केबिन बनवाए थे। उनको वह कपल को किराए पर देता था। उक्त नाबालिग ने यहां पर कमरा बुक करवाकर किशोरी के साथ बलात्कार किया था। जांच में इसका खुलासा होने पर पुलिस ने संचालक सौरभ सिंह को नामजद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
—————-
पूर्व में भी हो चुकी है कार्रवाई
शहर के रेस्टोरेंट और होटलों में छोटे-छोटे कमरे बनाकर कपल को किराए देने के मामले पूर्व में भी आ चुके हैं। चोरहटा थाना क्षेत्र में दर्ज एक प्रकरण में पीडि़ता के साथ उपभोक्ता काम्पलेक्स में स्थित रेस्टोरेंट में बलात्कार हुआ था, जिस पर पुलिस ने दबिश देकर संचालक को गिरफ्तार किया था। शहर में कई ऐसे रेस्टोरेंट हैं जहां इस तरह की अमानवीय गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
——————————–