Friday, February 7

 

रीवा। कांग्रेस के वार्ड 45 के पार्षद गंगा प्रसाद यादव ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। साथ ही मुख्यमंत्री मोहन यादव की सभा में पहुंचकर भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की। शहर अध्यक्ष को दिए गए त्याग पत्र में गंगा प्रसाद यादव ने अब तक पार्टी के प्रति मिले किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा है कि जो जिम्मेदारी मिली उसे पूरी निष्ठा से निभाया। यह भी कहा है कि कांग्रेस पार्टी में अब पिछड़ों का हक सुरक्षित नहीं है। जाति गणना एवं धार्मिक तुष्टिकरण के नाम पर जाति एवं धार्मिक वैमनस्यता फैलाई जा रही है। जिससे देश का सामाजिक सौहार्द बिगड़ रहा है। बीते कई दिनों से पार्षद का संपर्क भाजपा के नेताओं के साथ रहा है। उनके पार्टी छोडऩे की अटकलें लगी रही हैं। कांग्रेस पार्षद का पार्टी छोडऩा महापौर के लिए बड़ा झटका है। इस समय जहां परिषद में पहले से अल्पमत में कांग्रेस है। वहां एक और पार्षद के पाला बदलने से संख्या बल कमजोर हुआ है। इसके पहले मेयर इन काउंलिस के सदस्य स्वतंत्र शर्मा भी पार्टी छोड़ चुके हैं।

– चार और पार्षद भाजपा के संपर्क में
भाजपा की सरकार फिर से बनने के बाद से ही कई पार्षद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने की तैयारी में हैं। इसके लिए लगातार भाजपा के नेता उनके संपर्क में हैं। चार और पार्षदों के पार्टी छोडऩे की अटकलें हैं। हालांकि इस बात की भनक कांग्रेस नेताओं को भी है, जिसके चलते वह अपने पार्षदों को मनाने की पूरी तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस के १६ पार्षद निर्वाचित हुए थे। जिसमें दो अब तक पाला बदल चुके हैं। दो निर्दलीय कांग्रेस के समर्थन में हैं। इसलिए अभी १६ की संख्या बरकरार है। यदि चार और जाएंगे तो बड़ा झटका होगा।

– कांग्रेस नेता मुजीब खान भी सीएम के स्वागत में दिखे
मुख्यमंत्री के रीवा में रोड शो के दौरान कांग्रेस नेता डॉ.मुजीब खान भी स्वागत करते नजर आए। सोशल मीडिया में चर्चा तेज रही। मुजीब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महामंत्री के साथ ही पार्टी के विधानसभा प्रत्याशी भी रहे हैं। ऐसे में स्वागत कार्यक्रम में उनका शामिल होना चर्चा का विषय बन गया। वह कुछ समय से पार्टी से नाराज चल रहे हैं। विधानसभा की टिकट भी मांग रहे थे और बगावत के भी संकेत दिए थे हालांकि बाद में शांत हो गए थे।

Share.
Leave A Reply