रीवा। गोली कांड में पकड़े गया नाबालिग नगर निगम का कर्मचारी निकला। उसके द्वारा पुलिस को दी गई अंकसूची के हिसाब से वह नाबालिग था लेकिन वह नगर निगम का कर्मचारी भी है। ऐसे में पुलिस अब इस मामले की नए सिरे से जांच कर रही है। यदि दस्तावेजों में गड़बड़ी पाई गई तो नाबालिग के खिलाफ आगे कार्रवाई की जायेगी।
विवि थाने के खुटेही मोहल्ले में केके कार बाजार के संचालक कादिर हुसैन पर बाइक सवार दो युवकों ने फायर किया था जिसमें गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना की साजिश पीडि़त की पत्नी ने रची थी जिसको उसके प्रेमी रेहान खान व नाबालिग ने मिलकर अंजाम दिया था।
इस घटना में पकड़ा गया एक आरोपी खुद को नाबालिग बता रहा था। उसने दसवीं की अंकसूची पेश की थी जिसके आधार पर उसकी उम्र 18 वर्ष से कम थी। फलस्वरूप उसे बाल संप्रेक्षण बंदी गृह में पेश किया गया। अब उसके नगर निगम में काम करने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस विभाग के होश उड़ गए। उक्त नाबालिग दिसम्बर 2021 से नगर निगम का कर्मचारी बताया जा रहा है जो वहां दैनिक वेतन भोगी के रूप में काम करता था। उसके माता-पिता भी नगर निगम के कर्मचारी है।
ऐसे में उसके द्वारा पेश किये गये दस्तावेज प्रथम दृष्ट्यिा संदिग्ध हो गए है जिसकी अब पुलिस ने नए सिरे से जांच शुरू कर दी है। उक्त नाबालिग द्वारा थाने में पेश की गई अंकसूची गलत है या फिर उसके द्वारा नगर निगम में लगाए गए दस्तावेज फर्जी है। हालांकि वास्तविकता का खुलासा दोनों दस्तावेजों के मिलान के बाद ही हो पायेगा।
एसपी ने दिये जांच के आदेश
पूरा मामला संज्ञान में आते ही एसपी ने इसकी जांच के आदेश जारी कर दिये है। एसपी ने नाबालिग द्वारा पेश किये गये दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर वास्तविकता का पता लगाने के निर्देश थाने को दिये है। यदि जांच में उसके द्वारा फर्जी दस्तावेज पेश करने की जानकारी सामने आती है तो उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज किया जा सकता है। अपराध में नाबालिगों को काफी रियायत रहती है जिसका फायदा उठाने के लिए अपराधी अक्सर इस तरह के दस्तावेज तैयार करवा लेते है।
आरोपी की निशानदेही पर बाइक व हेलमेट जब्त
इस घटना का एक आरोपी रेहान खान पुलिस की रिमांड में है जिससे इस पूरे घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ की जा रही है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बाइक व हेलमेट जब्त कर लिया गया है। वहीं अभी वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद नहीं हुआ है जिसके संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है।
वर्जन
गोली कांड में एक लड़का पकड़ा गया था जो दसवीं की अंकसूची के हिसाब से नाबालिग था जिस पर उसे बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। उसके नगर निगम के कर्मचारी होने की जानकारी सामने आई है जिस पर नए सिरे से उसकी जांच की जायेगी। जांच में यदि फर्जी दस्तावेज मिलते है तो उसके खिलाफ आगे कार्रवाई की जायेगी।
विवेक सिंह, एसपी रीवा….. ……… …….
प्रकरण में गिरफ्तार किसी नाबालिग के नगर निगम कर्मचारी होने की बात सामने आ रही है जिसके दस्तावेजों की जांच कराई जायेगी। जांच में यदि किसी नाबालिग को नौकरी में रखने की बात सामने आती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ जांच प्रस्तावित की जायेगी।
सौरभ सोनवणे(IAS), नगर निगम कमिश्रर रीवा