New Year 2024
रीवा। नए साल की शुरुआत लोगों ने मंदिरों में अपने आराध्य देवी-देवताओं के मंदिरों में पहुंचकर दर्शन के साथ की। इस दौरान शहर के हर मंदिर में बड़ी भीड़ जमा रही। सबसे अधिक शहर के प्रमुख मंदिरों में भीड़ जुटी। इन स्थानों पर पहले से भीड़ आने का अनुमान था जिसके चलते प्रशासन की ओर से भी चौकस व्यवस्था की गई थी।
सबसे अधिक भीड़ शहर के चिरहुला स्थित हनुमान मंदिर में जुटी। यहां पर सुबह से ही देर शाम तक लोगों की आवाजाही रही। पूरे दिन पांच से दस हजार की संख्या में भीड़ मंदिर परिसर में मौजूद रही। इस कारण माना जा रहा है कि दिनभर में करीब 80 हजार से लेकर एक लाख तक लोगों ने यहां पर मत्था टेका। भीड़ को बढ़ते देख पुलिस ने मुख्य मार्ग से ही वाहनों का प्रवेश रोक दिया था। श्रद्धालुओं को पैदल ही मंदिर तक पहुंचना पड़ा।
मंदिर परिसर के आसपास बड़ी संख्या में वाहन भी खड़े हो गए जिसकी वजह से रीवा-सीधी मुख्य मार्ग में जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने पूरी स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को मंदिर तक पहुंचने में मदद पहुंचाई। शहर के अन्य मंदिरों में सुबह से लोगों की भीड़ दिखने लगी। लोगों ने नए साल की शुरूआत भगवान के दर्शन कर किए। कोठी कम्पाउंड शिव मंदिर, सांई मंदिर, महामृत्युंजय मंदिर के साथ ही रानीतालाब, फूलमती मंदिर सहित अन्य कई मंदिर जहां पर लोगों ने जल चढ़ाए और नारियल, अगरबत्ती के साथ पूजन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रमुख मंदिरों में लोग साल के नए दिन में मंदिरों में पूजा की।
– भंडारों का भी हुआ आयोजन
नए साल के पहले दिन धार्मिक स्थलों पर भंडारे का भी आयोजन किया गया। वहीं कुछ संगठनों ने शहर के सार्वजनिक स्थलों पर भंडारे का प्रसाद वितरण किया। झलबदरी आश्रम, कोर्ट परिसर में भी भंडारे का आयोजन किया गया। शहर में कई स्थानों पर सड़क किनारे टेंट लगाकर प्रसाद वितरण किया गया। एक जनवरी को जिन लोगों का जन्मदिन था उसमें कई लोगों की ओर से भी मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
—
भीड़ का फायदा बदमाशों ने भी उठाया
नए साल पर मंदिरों में अच्छी खासी भीड़ उमड़ती है। इसका अनुमान बदमाशों को पहले से था। जिसका फायदा उठाते हुए बड़ी संख्या में बदमाश भी सक्रिय रहे। भीड़भाड़ में महिलाओं के गले से चेन व मंगलसूत्र खींचने के साथ मोबाइल व पर्स भी निकाल कर भाग निकले। हालांकि पुलिस ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी थी। चिरहुला मंदिर में सुबह 6 बजे से बल तैनात हो गया था इसके बावजूद कई लोगों के पर्स पार हो गए तो कइयों के मोबाइल एवं दूसरे सामान गायब हो गए। कई महिलाओं ने चेन गायब होने की भी शिकायतें की हैं। पुलिस की सक्रियता के चलते कई बदमाशों को पहले ही रोका गया। अब मंदिरों में लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिए बदमाशों की पतासाजी की जा रही है।
—
साईं मंदिर में महाआरती का हुआ आयोजन
साईं मंदिर में एक बार फिर साल के पहले दिन भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लेकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। साई सेवा संस्थान एवं अन्य संगठनों की ओर से यह आयोजन किया गया। हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ एवं राम स्तुति का भी आयोजन हुआ। महाआरती में महापौर अजय मिश्रा, निगम के स्पीकर व्यंकटेश पांडेय, पूर्व महापौर ममता गुप्ता, भाजपा नेता प्रबोध व्यास, पार्षद दीनानाथ वर्मा, कांग्रेस नेत्री कविता पांडे, कांग्रेस के गुरमीत सिंह मंगू, सतीश पांडेय, बबीता साकेत, अनिल मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान ज्योतिषाचार्य राजेश साहनी, आचार्य नरोत्तम मिश्रा शास्त्री द्वारा महाआरती की व्यवस्था बनाई गई। आरती के बाद 500 किलो हलवे का महाप्रसाद वितरित किया गया। मंदिर के प्रधान पुजारी मनसुख दास, साई सेवा संस्थान के अध्यक्ष अजय धमीजा, अनिल त्रिपाठी, दिनेश जैन, नवल दास, धर्मेंद्र कुशवाहा, महेश लेडवानी, मनिंदर सिंह, राजेश भल्ला, रमाकांत पुरवार, अश्वनी सिंह, संजय सोनी, मनोज सोनी, उमा दत्त सिंह, श्रीप्रकाश तोमर सहित अन्य मौजूद रहे।