रीवा। नव विवाहित जोड़ा पिकनिक मनाने पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचा था। जहां पर पहले से मौज मस्ती कर रहे बदमाशों ने युवती के साथ गैंगरेप किया है। इस दौरान उसके पति को बंधक बनाए रखा। घटना के चार दिन बाद पुलिस हरकत में आई है और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की गई है। रोंगटे खड़े कर देने वाली दरिंदगी की यह घटना गुढ़ थाने के भैरव बाबा पहाड़ी के बताई जा रही है। जहां पर बीते 21 अक्टूबर को नव दंपति यहां घूमने के लिए आए हुए थे। वे मंदिर के थोड़ा आगे पहाड़ी में नाले के पास बैठे हुए थे।

इस दौरान कुछ दूरी पर पार्टी मना रहे आधा दर्जन की संख्या में आरोपी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने उनको धमकाया और पत्नी को पकड़कर दूसरी ओर ले गए। इस दौरान आरोपियों ने पत्नी को बारी-बारी पति के सामने दरिंदगी का शिकार बनाया। पति ने विरोध करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी और उनको धमकाया जिससे दंपति उनका विरोध नहीं कर पाए।
आरोपियों ने महिला के साथ दरिंदगी की। करीब घंटे भर से अधिक समय तक दंपति उनकी कैद में रहे। किसी तरह उनके चंगुल से आजाद होकर वे घर चले गए। 22 तारीख को उन्होंने गुढ़ थाने में पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पीडि़त महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवा दिया। महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। सूचना मिलने के तीसरे दिन पुलिस हरकत में आई। रीवा में आयोजित बड़े कार्यक्रम में व्यस्तता का हवाला देते हुए कोई कार्रवाई नहीं की गई।


घटना स्थल पर मिले अहम सुराग

इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिस स्थान पर महिला के साथ दरिंदगी हुई थी वहां बारीकी से निरीक्षण किया गया। महिला के साथ दरिंदगी से जुड़े अहम सुराग मिले हैं जिनको पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने आसपास का पूरा इलाका सर्च कर घटना से जुड़े अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं।

Share.
Leave A Reply