nरीवा। शहर के केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक एक(Kendriya Viddyalay Rewa-1) की छात्रा ने दिव्यांगों की सुविधा के लिए नई खोज की है। जिससे उन्हें कम्प्यूटर और लैपटाप चलाना आसान हो जाएगा। छात्रा द्वारा तैयार किए गए डिवाइस को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM narendra Modi) ने भी सराहा है और कहा है कि आगे भी इसी तरह और नई खोज करते रहना। केन्द्रीय विद्यालय के कक्षा नौ में अध्ययनरत छात्रा रेणुका मिश्रा (Renuka Mishra) ने विद्यालय में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब का उपयोग करके दिव्यांगों के लिए एक उपकरण तैयार किया है जिसका नाम ‘एकलव्य’ रखा है।
nn
ऐसे दिव्यांग जिनका हाथ नहीं है या फिर वह काम करने के योग्य नहीं है, वे इस उपकरण की मदद से इस कम्प्यूटर चलाने के लिए आत्मनिर्भर बनेंगे। छात्रा द्वारा करीब एक वर्ष पहले से शुरू किए गए प्रोजेक्ट को केन्द्र सरकार ने भी नवाचार में शामिल किया है। जिसके चलते बीते 17 जनवरी को छात्रा प्रजेंटेशन के लिए दिल्ली रवाना हुई थी। प्रधानमंत्री भी प्रजेंटेशन देखने पहुंचे। जहां पर देशभर के चिन्हित छात्रों की ओर से प्रजेंटेशन किया गया। इसमें रीवा की रेणुका मिश्रा द्वारा के प्रजेंटेशन को भी प्रधानमंत्री ने देखा और सराहना भी की है। यह डिवाइस कम्प्यूटर के माउस की तरह ही है। जिसे पैर से भी चलाया जा सकता है। दिव्यांगों को माउस चलाने में कठिनाई होती है, इसलिए पैर से चलने वाला यह एकलव्य आसान है।
nn
छात्रा की इस उपलब्धि पर केन्द्रीय विद्यालय की प्राचार्य महालक्ष्मी पांडेय ने कहा कि यह न केवल विद्यालय वरन पूरे केंद्रीय विद्यालय संगठन और विंध्य क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। रेणुका ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य, उप प्राचार्य, वरिष्ठ शिक्षक अशोक कुमार सिंह, रविता पाठक एवं प्रभारी चन्द्रकिरण गुप्ता सहित सभी शिक्षकों और माता-पिता को दिया।
n