मऊगंज। नवगठित जिले की शाहपुर थाने की पुलिस पर देर रात बरांव के केवट बस्ती में हमला हुआ है। यह घटना तब हुई जब पुलिस वाले अचानक देर रात बस्ती में घुसकर तलाशी ले रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि यह घटना उस समय हुई है जब पुलिस पार्टी महुआ लाहन से बनाई जा रही अवैध शराब पकड़ने गई थी।

बताया गया है कि इस घटनाक्रम में कई पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। आरोपियों ने पुलिस के मोबाइल भी निकाल लिए। घायल पुलिस कर्मियों को मऊगंज अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक प्रदीप पटेल भी अस्पताल पहुंचे।

शाहपुर थाने की पुलिस इसके पहले भी अपने कामकाज को लेकर सुर्खियों में रही है। कहा जा रहा है कि इस समय शाहपुर पुलिस के ग्रह ठीक नहीं चल रहे। समय रहते पुलिस अगर अवैध शराब, गांजा और कोरेक्स के तस्करों पर करवाई करती होती तो शायद पुलिस को ये दिन न देखने पड़ते।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल भेज कर आरोपियों की तलाश करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी मिली है कि पुलिस बल पर हमला करने वाले सभी आरोपी अपने घरों से भाग गए हैं। गांव में पुलिस छावनी बना दी गई है। विधायक ने भी किसी तरह के उपद्रव को रोकने के लिए पुलिस अधिकारियों से बात की है।

Share.
Leave A Reply