n
nरीवा। बीते कई दिनों से कलेक्ट्रेट के सामने अनिश्चिकालीन धरने पर बैठे संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर शहर में रैली निकाली। इस दौरान कई कर्मचारियों ने पीपीई किट पहन रखा था। इसके जरिए यह संदेश देना चाह रहे थे कि कोरोना काल की आपात स्थितियों में उन्होंने किस तरह से जान जोखिम में डालकर सेवाएं दी हैं लेकिन सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। इस दौरान हड़ताली कर्मचारियों ने भाजपा के विधायक राजेन्द्र शुक्ला से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और अपनी समस्याएं बताई।
nn
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मांग उठाई है कि मुख्यमंत्री से चर्चा कर मांगों को तत्काल पूरा कराया जाए। यह हड़ताल बीते 16 दिसंबर से लगातार जारी है। जिसमें हर दिन अलग-अलग तरह से प्रदर्शन किए जा रहे हैं। कई संगठनों के लोगों ने भी इस हड़़ताल को जायज बताते हुए अपना समर्थन दिया है। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विकास पाण्डेय ने बताया कि प्रदेश भर में यह हड़ताल चल रही है। सरकार के साथ वार्ता के प्रयास भी हो रहे हैं। जब तक प्रदेश संगठन मांगें पूरी होने की जानकारी नहीं देगा तब तक यह हड़ताल रीवा जिले में चलती रहेगी। उन्होंने कहा कि इस हड़ताल में शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के कर्मचारी भी नियमित रूप से शामिल हो रहे हैं।