Friday, February 7

रीवा। बलात्कार के मामले की जांच कर रही पुलिस ने शहर के उपभोक्ता काम्प्लेक्स में स्थित एक सेंटर में दविश दी जहां आपत्तिजनक हालत में एक जोड़ा पुलिस को मिला है। पैसे लेकर संचालक जोड़ों को कमरे उपलब्ध करवाता था। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।

चोरहटा थाने में सप्ताह भर पूर्व दर्ज बलात्कार के मामले की पुलिस जांच कर रही थी जिसमें घटना स्थल उपभोक्ता काम्प्लेक्स में स्थित सेंटर का नाम सामने आया था जहां पर किशोरी के साथ बलात्कार हुआ था।

इस मामले की जांच कर रही पुलिस ने मंगलवार की रात यहां दबिश दी तो सेंटर के अंदर का नजारा देख पुलिस हैरान रह गई। यहां पर छोटे-छोटे केबिन बनाए गए थे जो जोड़ों को 1 घंटे के लिए किराए पर दिए जाते थे। इसके एवज में संचालक ढाई से पांच सौ रुपए तक उनसे लेता था और इसके बाद जोड़ों को 1 घंटे के लिए एकांत का माहौल मिलता था।

पुलिस जब वहां पहुंची तो एक केबिन में जोड़ा संदिग्ध अवस्था में पुलिस के हाथ लग गया। पुलिस को देखते ही उनके हाथ पैर फूल गए। काफी समय से यहां पर संचालक पीयूष श्रीवास्तव सेंटर संचालित कर रहा था जहां पर अक्सर जोड़ों का आना जाना होता था।

पुलिस को वहां से कुछ आपत्तिजनक सामग्रियां भी मिली है जिनकी भी जांच की जा रही है। शहर के बीचों-बीच इतने लंबे समय से गोरखधंधा चल रहा था लेकिन इसकी किसी को भनक तक नहीं रख पाई।

किशोरी के साथ हुआ था बलात्कार, मामले में संचालक को नामजद कर रही पुलिस
चोरहटा थाने में 13 मार्च 2024 को बलात्कार का मामला दर्ज हुआ था। आरोपी निखिल माझी निवासी करहिया किशोरी को लेकर सेंटर में आया था और यहां पर उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता के जब न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवाए गए तब उसने घटना स्थल का खुलासा हुआ। पुलिस अब बलात्कार के मामले में आरोपी संचालक पीयूष श्रीवास्तव को भी नामजद कर रही है जिसने इस घटना के लिए केबिन उपलब्ध करवाया था।
….
शहर के कई स्थान में चल रहे सेंटर
शहर के कई स्थानों में इस तरह के सेंटर संचालित हो रहे हैं जहां पर जोड़ों को कमरा उपलब्ध करवाए जाते हैं। इससे पूर्व सिविल लाइन व समान थाने में भी कार्रवाई हो चुकी है। विंध्या हॉस्पिटल के समीप एक सेंटर में पुलिस ने दबिश देकर इन गतिविधियों का पर्दाफाश किया था। शहर के कुछ ऐसे लाज है जिनमें भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की गोपनीय सूचनाए पुलिस को मिली है। जल्द पुलिस यहां पर भी कार्रवाई कर सकती है।
….

 

चोरहटा थाने में एक बलात्कार का मामला पंजीबद हुआ था जिसमें पीड़िता द्वारा इस सेंटर में बलात्कार होने की जानकारी दी थी। उसके बयान के आधार पर यहां दबिश दी गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसे आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
नवीन तिवारी, सीएसपी रीवा

Share.
Leave A Reply