Thursday, September 19

 

रीवा। संजय गांधी अस्पताल में पदस्थ न्यूरोलाजिस्ट डा. वीरभान सिंह पर बस्ती के लोगों ने हमला कर दिया। वाहन निकालने की बात पर शुरू कहासुनी में स्थानीय लोगों ने उनके साथ विवाद किया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में चिकित्सक मौके पर पहुंच गए।

डा. वीरभान सिंह प्रतिदिन की तरह  सुबह भी अस्पताल में ड्यूटी पर जाने के लिए अपनी कार निकाल रहे थे। उसी समय वहां से बस्ती में रहने वाला आरोपी रहीश खान निकला जिससे उनकी कहासुनी हो गई। इस दौरान आरोपी ने बस्ती से अपने लोगों को बुलवा लिया जिन्होंने चिकित्सक के साथ विवाद शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं वहां आ गई थीं जिन्होंने झूमाझटकी शुरू कर दी। घटना से डाक्टर कालोनी में हंगामा मच गया। घटना से काफी देर तक बवाल मचा रहा। बाद में आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। चिकित्सक ने घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई है। चिकित्सक के साथ हुए इस व्यवहार से अस्पताल के डाक्टरों में आक्रोश देखने को मिल रहा है।
———————-

रास्ते का लंबे समय से चल रहा है विवाद

डाॅक्टर्स काॅलोनी में रास्ते का काफी समय से विवाद चल रहा है। डाॅक्टर काॅलोनी से लगी हुई बस्ती है जिसमें रहने वाले लोग सालों से इस मार्ग का इस्तेमाल आवागमन के लिए करते आ रहे हैं। वहीं डाक्टर इसे कैम्पस की रोड बता रहे हैं जिसको लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। पूर्व में भी यहां पर रोड बंद करवाने को लेकर विवाद की स्थिति बन चुकी है।

——————-

गंदगी को लेकर चिकित्सक द्वारा की गई थी शिकायत

डा. वीरभान सिंह ने डाॅक्टर काॅलोनी परिसर में बस्ती के लोगों द्वारा गंदगी फैलाने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अस्पताल अधीक्षक सहित नगर निगम को इसकी जानकारी दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। बस्ती को लेकर परिसर में कचरा फेंकते थे और गंदगी फैलाते थे।

——————-

सहमति से खड़ी कराई गई दीवार, निकलने के लिए दिया गया रास्ता

यहां पर लंबे समय से चले आ रहे विवाद का आंशिक रूप से समाधान हो गया है। नगर निगम की मदद से दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाकर यहां पर एक दीवार बनवाई गई है। इसके अतिरिक्त लोगों को निकलने का रास्ता भी दिया गया जिससे असामाजिक तत्व यहां से प्रवेश न कर पाएं। पंचनाम तैयार कर मंगलवार को यहां पर दीवार खड़ी करवा दी गई और जिससे समस्या काफी हद तक हल हो जाएगी।

————–

डाक्टर कालोनी में डा. वीरभान सिंह के साथ विवाद हुआ था। यहां पर रास्ता खुला हुआ है जिसकी वजह से यह समस्या उत्पन्न हो रही थी। अस्थायी तौर पर यहां पर एक दीवार खड़ी करवा दी गई है और लोगों को भी निकलने के लिए मार्ग दिया गया है ताकि किसी को परेशानी न हो।

डा. यत्नेश त्रिपाठी, सीएमओ

Share.
Leave A Reply