मनगवां थाने के कठेरी गांव की घटना, पुलिस मौके पर पहुंची
रीवा। छुट्टी में आए सेना के जवान ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। जिस समय यह घटना हुई उस समय लड़की के मायके पक्ष के लोग भी थे। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर मर्डर करने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
रोंगटे खड़े कर देने वाली यह घटना मनगवां थाने के कठेरी गांव की है। प्रिया पटेल पति सुनील पटेल 24 वर्ष निवासी कठेरी थाना मनगवां हाल मुकाम मायके नीम चौराहा थाना विवि की उसके पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था।
महिला अपने माता-पिता सहित परिवार के अन्य लोगों के साथ ससुराल में अपनी बच्ची को लेने के लिए आई थी। उसी दौरान उसका पति के साथ विवाद हो गया। पति बच्ची केा उसके साथ भेजने के लिए तैयार नहीं था जिस पर उनके बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान आरोपी ने पत्नी और उसके मायके वालों के साथ पहले डंडे से मारपीट की। जब पत्नी गिर गई तो उसके गले में कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गला कटने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। आरोपी ने बाद में खुद पुलिस को फोन कर पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी जिसे सुनकर खुद पुलिस के होश उड़ गए। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई जिसने आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद गांव में तनाव का वातावरण बना हुआ है जिसको देखते हुए अहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात हो गया है।
खून से लथपथ हालत में पड़ा था महिला का शव, समीप ही मिली कुल्हाड़ी
इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई जिसने घटनास्थल का निरीक्षण किया। खून से लथपथ हालत में महिला का शव पड़ा था समीप ही वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी पुलिस मिली। आरोपी ने कुल्हाड़ी से पूरी ताकत से वार किया था जिससे महिला की गर्दन कट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। वहीं आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
..
अवकाश में आया था पति, 15 तारीख को बच्ची के बर्थडे पर लेकर आया था गांव
उक्त आरोपी सेना का जवान है और वर्तमान में पूणे में पदस्थ है। वह अवकाश पर अपने गांव आया हुआ था। 15 तारीख को उसकी बच्ची का बर्थडे था जिस पर बच्ची को अपने ननिहाल से घर लेकर आया था। उस बच्ची को वापस लेने जाने के लिए पत्नी अपनी ससुराल आई थी जहां पर उसकी पति ने हत्या कर दी।
2019 में हुई थी शादी, पति से चलता था विवाद
उक्त महिला की शादी 2019 में हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति के साथ विवाद चलता था जिस पर वह अक्सर अपने मायके में ही रहती थी। पति-पत्नी के बीच दाम्पत्य जीवन सही नहीं चल रहा था जिसकी जानकारी दोनों परिवारों को थी। हालांकि उनके विवाद की असली वजह अभी तक सामने नहीं आई है। पुलिस अब परिजनों से घटना की जानकारी ले रही है।
…..
मनगवां थाने के कठेरी गांव में एक सेना के जवान ने पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी है। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया। आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आयेंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जायेगी।
विवेक लाल, एएसपी देहात रीवा