रीवा। जिले के मनगवां थाना क्षेत्र के हिनौता गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक पक्षी की महिलाओं के ऊपर डंफर से मुरुम गिराकर जान से मारने के प्रयास में मामला राजनीतिक तूल पकडऩे लगा है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल रीवा पहुंची और पीडि़त महिलाओं से मुलाकात की। साथ ही पूरे घटनाक्रम पर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
संजयगांधी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती महिलाओं से मिलने के बाद महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल ने कहा है कि प्रशासन द्वारा पहले महिलाओं की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए। इसके बाद जब उनके ऊपर डंफर की मुरुम डालकर जिंदा दफनाने का प्रयास किया तो प्रशासन ने मामले में पर्दा डालने का प्रयास किया है।
अस्पताल में जब महिला कांग्रेस की टीम पहुंची तब दोनों पीडि़त महिलाओं की सोनोग्राफी कराने के लिए उन्हें लाइन में लगा दिया गया था। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी उनका नंबर नहीं लग पा रहा था। इस पर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं के हस्तक्षेप के बाद सोनोग्राफी जांच के लिए भेजा गया। इसके बाद महिला नेत्रियां पुलिस अधीक्षक से मिलीं और मामले में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
—