Friday, February 7

 

रीवा। हथियारों से लैश बदमाशों ने मंगलवार की रात वृद्ध दंपती को घर में बंधक बनाकर 6 लाख रुपए नकद सहित लाखों रुपए कीमत के जेवरात लूट लिए। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कराई, लेकिन तब तक वे पुलिस की पहुंच से बाहर निकल चुके थे। विवि थाने के इटौरा बायपास में हुई वारदात में किसी बड़े गिरोह का हाथ होने की आशंका पुलिस जता रही है।

चंद्रशेखर सिंह पटेल निवासी इटौरा मंगलवार की रात अपनी पत्नी राजकुमारी सिंह पटेल के साथ घर के अंदर सो रहे थे। आधी रात के बाद राजकुमारी की कुत्ते के भोंकने की आवाज सुनकर नींद खुल गई। जैसे ही उन्होंने बाहर का दरवाजा खोला, तो अंधेरे में छिपे बदमाश धड़धड़ाते हुए घर के अंदर घुस गए। महिला के हाथ-पैर और मुंह बांधकर घर के बाहर छोड़ दिया। बाद में दूसरे कमरे में सो रहे चंद्रशेखर सिंह को भी बदमाशों ने कट्टा दिखाकर बंधक बनाया। पति-पत्नी के साथ जमकर मारपीट की। इसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बदमाशों ने एक घंटे तक घर के अंदर दर्जनभर कमरों की तलाशी ली। दो बक्से, अलमारियां तोड़ी, जिसमें करीब 6 लाख रुपए नकद सहित महिलाओं के जेवर रखे हुए थे। आराम से वारदात को अंजाम देकर निकल गए। पीड़ित परिवार भाजपा विधायक प्रदीप पटेल का रिश्तेदार बताया गया है।
——————————
महिला ने हंसिया से छुड़ाया हाथ, दोनों के मोबाइल पानी की टंकी में डाल गए थे
बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर बाहर छोड़ दिया था। उनके जाने के बाद महिला को समीप ही एक हंसिया दिखी, जिसकी मदद से उन्होंने हाथ खोले और बाद में अंदर बंधक बने पति को मुक्त कराया। बदमाश दोनों के मोबाइल पानी की टंकी में डाल गए थे, ताकि वे पुलिस को सूचना न दे पाए। घर में रखे तीसरे मोबाइल से उन्होंने परिजनों को फोन किया।
——————————
पुलिस ने कराई नाकाबंदी

तड़के इस घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह सहित विवि थाने का बल पहुंचा और पीडि़त परिवार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। महिला गंभीर रूप से घायल थी, जिसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों को पकडऩे के लिए तत्काल पूरे जिले में नाकाबंदी कराई गई। हालांकि तब तक वे पुलिस की पहुंच से बाहर निकल गए थे। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
——————————
काले रंग के कपड़े पहने थे, सिर को गमछे से बांधा
पीडि़त ने बताया कि करीब आधा दर्जन से ज्यादा बदमाश थे। वे सभी काले रंग के कपड़े पहने हुए थे। उन्होंने अपने चेहरे को गमछे से बांध रखा था। सिर्फ उनकी आंखें दिख रही थीं। दो बदमाश कट्टा लिए हुए थे, जो उन्होंने फरियादी पर अड़ाया था। इसके अतिरिक्त अन्य भी धारदार हथियार से लैश थे। पीडि़त का घर बायपास के ठीक किनारे है। आशंका जताई जा रही कि बदमाशों ने अपना वाहन बायपास के किनारे खड़ा किया था और वारदात के बाद उसमें सवार होकर निकल गए।
——————————
सीसीटीवी फुटेज जांच रही पुलिस

इस पूरी वारदात में पुलिस किसी संगठित गिरोह का हाथ होने की आशंका जता रही है। एक स्थान से दूसरे स्थान में घूमकर वारदात करते हैं। हालांकि इसमें स्थानीय बदमाशों की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को जांच रही है।
—————————–

घर में पति-पत्नी थे, जिनको बंधक बनाकर बदमाश जेवर और कैश लेकर भागे हैं। बदमाशों को पकडऩे के लिए नाकाबंदी कराई। उनकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस सारी संभावनाओं पर काम कर रही है। जल्द बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

विवेक सिंह, एसपी रीवा

Share.
Leave A Reply