Thursday, September 19

————-

रीवा। रीवा जोन में नशीली सिरप की सप्लाई करने वाले सागर के थोक दवा व्यापारी अरविंद जैन व उसके बेटे सत्तू जैन के सागर स्थित गोदाम में एक करोड़ रुपए से अधिक की नशीली सिरप मिली है। चोरहटा पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद उनके सागर स्थित टाटा फर्म में दबिश दी। गोदाम में 600 पेटी नशीली सिरप मिली, जिसमे 72 हजार शीशियां थीं। इनकी अनुमानित कीमत 1.20 करोड़ रुपए है। आरोपी यह सिरप रीवा जोन में सप्लाई करने वाले थे। सप्लायर से पूछताछ में रीवा में फर्म का सरगना बुच्ची उर्फ विजय साहू निवासी करहिया का नाम सामने आया है, जो कंपनी के खाते में रुपए डालकर नशीली सिरप की सप्लाई तस्करों को करवाता था। इसके अतिरिक्त कई अन्य तस्कर भी इसके खाते में रुपए डालते थे जिनको उसने नशीली सिरप की सप्लाई की है। उन सभी तस्करों को पुलिस ने अब निशाने पर लिया है।

———————————-
6 माह में पांच करोड़ का कारोबार

पकड़े गए व्यापारी का करोड़ों में कारोबार होता था। पुलिस ने जब उसके खाते की जानकारी जुटाई तो खुद पुलिस के होश उड़ गए। महज 6 माह में ही उसने पांच करोड़ से अधिक का कारोबार किया था। यह सिरप उसने रीवा जोन के अलग-अलग जिलों में सप्लाई की है। उसके खाते में रुपए डालने वालों की संख्या भी काफी ज्यादा है और सबसे ज्यादा रकम रीवा जिले से ही उसके खाते में डाली गई है। माना जा रहा है कि नशीली सिरप सबसे ज्यादा जिले में ही उसने सप्लाई की है।
————————————-

तस्कर की गिरफ्तारी के बाद सप्लायर का नाम आया था सामने
पुलिस ने गत वर्ष नशीली सिरप तस्करी के आरोपी अमन मंसूरी निवासी घोघर को गिरफ्तार किया था। सिविल लाइन पुलिस ने 1200 शीशी नशीली सिरप जब्त की थी जिसमें आरोपी अमन मंसूरी फरार था। इसके अतिरिक्त चोरहटा थाने को भी उसकी तलाश थी। अमहिया पुलिस ने आरोपी को पकडकऱ सिविल लाइन थाने को दिया। सिविल लाइन और चोरहटा के प्रकरणों की जांच में उक्त सप्लायर का नाम सामने आया था।

———————-
सप्लाई का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त

नशीली सिरप की सप्लाई करने पर सागर के थोक दवा व्यापारी व उसके पुत्र को गिरफ्तार किया गया था। रिमांड पर लेकर आरोपियों के गोदाम की तलाशी ली गई तो वहां से 600 पेटी नशीली सिरप बरामद हुई जो करीब 1.20 करोड़ रुपए कीमत की बताई जा रही है। पूछताछ में कई तस्करों के नाम सामने आए हैं जिनकी भी तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई से रीवा जोन में नशीली सिरप की सप्लाई का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त हो गया है।
एमएस शिकरवार, आईजी रीवा जोन

Share.
Leave A Reply