रीवा। महिला की मौत पर अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पति पर प्रताडऩा व हत्या का आरोप लगाकर मायके पक्ष व ससुराल पक्ष के लोग भिड़ गए जिससे घंटो अस्पताल में तनाव का वातावरण बना रहा। बाद में पुलिस ने समझाईश देकर विवाद को शांत कराया और शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
सेमरिया थाने के बड़ागांव निवासी कल्पना सिंह पति राकेश सिंह 33 वर्ष ने अपने घर में कीटनाशक का सेवन कर लिया था। जब महिला की हालत खराब हो गई तो परिजन उन्हें उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लेकर आए। इलाज के दौरान शनिवार की रात महिला की मौत हो गई। इस घटना को लेकर रविवार को अस्पताल में विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।
मायके पक्ष के लोग पति सहित ससुराल के अन्य लोगों पर मारपीट कर उसे प्रताडि़त करने और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। वहीं दूसरी ओर पति उसके जहर सेवन कर आत्महत्या करने की जानकारी दे रहा था। प्रताडऩा का आरोप लगाकर मायके पक्ष की महिलाओं ने पति के साथ मारपीट शुरू कर दी जिससे हंगामा मच गया। बाद में पुलिस ने बीचबचाव कर विवाद को शांत कराया।
महिला के पिता का कहना था कि घटना के पूर्व बेटी मायके आई थी जिसने पति की हरकतें उसको बताई थी। वह अक्सर मारपीट करता था और उसके जेवर भी बेंच डाले थे। उसने ही जहर देकर हत्या की है। वहीं थाना प्रभारी अवनीश पाण्डेय ने बताया कि अस्पताल में महिला की मौत हुई है। घटना की जांच में जो तथ्य सामने आयेंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जायेगी।
०००००