Friday, February 7

भोपाल । समाजवादी पार्टी ने किसान नेता शिव सिंह (Rewa) को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने यह नियुक्ति पत्र जारी किया है। इसके पहले शिव सिंह जनता दल सेक्युलर के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। एनडीए से गठबंधन के कारण पार्टी में फूट के चलते एक गुट का समाजवादी पार्टी में विलय कर दिया गया था।

जिले में किसान आंदोलन और पर्यावरण पर लंबे समय से काम कर रहे सिंह को अब सपा में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। सपा को विंध्य में मजबूत करने के उद्देश्य से पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया है। लखनऊ में आयोजित एक बैठक में कई नए पदाधिकारी घोषित किए गए हैं, जिसमें शिव सिंह को भी रीवा से बुलाया गया था और नियुक्ति पत्र सौंपा गया है।

साथ ही अखिलेश यादव ने कहा है कि विंध्य एवं सीमावर्ती उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने के लिए वह कार्यक्रमों का आयोजन करें। इस नियुक्ति की सूचना मिलने पर शहर के कई हिस्सों में कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी हैं और पटाखे फोड़े हैं।

Share.
Leave A Reply