Thursday, September 19

रीवा। वन विभाग द्वारा पौधारोपण के दौरान एकत्र होने वाले प्लास्टिक के कचरे का पहली बार सदुपयोग किया गया है। विभाग ने जंगल से प्लास्टिक के कचरे एकत्र कराकर उसे बेचा और बदले में रीसाइकिल्ड प्लास्टिक से बनी प्रो प्लेनेट जैकेट खरीदी है। यह जैकेट बैंड कर्मियों को प्रदान की गई है। गत वर्ष को इस जैकेट का प्रमोशन किया था।

बताया गया है कि अधिकांशतः पौधा रोपण करने के बाद बचे काली प्लास्टिक पॉलीबैग्स कचरे पर कोई ध्यान नहीं देता, और इसको इधर उधर फेंक दिया जाता है या जला दिया जाता है। इससे पर्यावरण प्रदूषित होता है, जिसके कई दूरगामी परिणाम होते हैं। उदाहरण के तौर पर, प्लास्टिक कचरा समय के साथ छोटे छोटे टुकड़ों में टूटता रहता है, और माइक्रो प्लास्टिक का रूप ले लेता है। कई वैज्ञानिक अध्ययनों और रिपोर्ट के अनुसार माइक्रोप्लास्टिक आज हमारी खाद्य श्रृंखला और रक्त में भी पाए जाने लगे हैं।

रीवा वन विभाग ने इस वर्ष जुलाई अगस्त माह में वनक्षेत्रों में लगभग 5 लाख पौधों का रोपण किया था, जिनसे 5 लाख प्लास्टिक पॉलीबैग्स का कचरा निकला। पहले इसको या तो जला दिया जाता था, या गड्ढा खोद कर दबा दिया जाता था, या फिर नदी/नालों में बहा दिया जाता था। परंतु इस वर्ष रोपण क्षेत्रों के प्रभारी वनकर्मियों ने इन प्लास्टिक बैग्स के कचरे का संग्रहण किया। आवश्यकतानुसार इस प्लास्टिक कचरे को साफ करके पत्थर, कंकड़ एवं मिट्टी हटाई।

इस तरह से कुल 5930 किलोग्राम प्लास्टिक कचरे का संग्रहण हुआ, जिसका शुद्ध प्लास्टिक वजन 4371 किलोग्राम पाया गया। पूरे प्लास्टिक कचरे को स्क्रैप डीलर (कबाड़ी वाले) को ₹12 प्रति किलोग्राम की दर से बेचा गया। इससे कुल ₹52,452/- राशि प्राप्त हुई। इस पहल का यह मौद्रिक आंकड़ा भले ही छोटा लगे, लेकिन इसका सकारात्मक पर्यावरणीय प्रभाव बहुत बड़ा है। इससे न सिर्फ रोपण क्षेत्रों का पर्यावरण (जल, मृदा, भूमि) स्वच्छ रहेंगे, साथ ही इस प्रयास से 26,000 किलोग्राम से अधिक कार्बनडाइऑक्साइड उत्सर्जन भी वातावरण में जाने से बचा।

प्राप्त राशि से रीवा वन विभाग ने विशेष प्रकार की इकोफ्रेंडली जैकेट्स मंगाई हैं। यह जैकेट्स बेकार प्लास्टिक की बोतलों और बचे हुए कपड़े के टुकड़ों को रिसाइकल करके बनाई गई हैं।
मिशन लाइफ अभियान अंतर्गत इन जैकेट्स को 17 सितंबर को उत्कृष्ट कार्य करने वाले 84 वनकर्मियों को वितरित किया गया।
……

 

  • प्लांटेशन के दौरान बड़ी संख्या में पालीथिन कचरा निकलता है। इस वर्ष इसका संग्रहण कराया और उसे बेचकर वनकर्मियों के लिए जैकेट्स खरीदे गए हैं। यह रिसाइकिल प्लास्टिक से तैयार प्रो प्लेनेट जैकेट्स हैं। आगे से इसे व्यापक स्तर पर अपनाया जाएगा।
    अनुपम शर्मा(IFS), डीएफओ रीवा
Share.
Leave A Reply