रीवा। एक युवक ने लड़की की आवाज निकालकर कई लड़कों को फंसा लिया और उनसे पैसे भी ऐंठे। यह मामला मनगवां थाने के मनिकवार चौकी क्षेत्र का है, जहां अमिलिया गांव निवासी विपिन रजक (30) लड़की की आवाज निकालने में माहिर था। वह लड़कियों की फोटो लगाकर मोबाइल पर बात करता और ऐसा लगता कि लड़की ही बात कर रही है।
उसने डेल्ही गांव के विपिन रावत को फंसाया, जिसके साथ वह लड़की बनकर फोन पर बात करता था। रावत उस पर मोहित हो गया और फिर युवक ने उसे पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा। उसने बार-बार रुपए भेजे। जब युवक की करतूत सामने आई, तो वह गायब हो गया और अपने घर के खंडहर मकान में छिप गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया और अब मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों को एकत्र कर रही है, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।
—————————-
मिलने पर खुला घटना का राज, छीन लिया मोबाइल
विपिन रावत ने एक साल तक लड़की समझकर एक लड़के से बात की, लेकिन जब उसे मिलने का दबाव डाला, तो वह लड़का मिलने के लिए तैयार हो गया। मिलने के समय और स्थान तय होने पर, रावत वहां पहुंचा तो लड़की की जगह लड़का देखकर उसे जोर का झटका लगा। गुस्से में आकर उसने युवक का मोबाइल छीन लिया। यह घटना तब सामने आई, जब रावत ने सच्चाई का सामना किया।
————–
अपहरण की फैल गई अफवाह
युवक की पोल खुलने के बाद उसने गौरी गांव में एक पेड़ पर चढ़कर छिपने की कोशिश की। रात में वह पेड़ से उतरकर अपने घर वापस आया और खंडहर मकान में छिप गया, जहां कोई नहीं जाता था। इस दौरान गांव में श्रीकांत कोल ने उसके अपहरण की अफवाह फैला दी। एसपी विवेक सिंह ने मामले की जांच के लिए थाना प्रभारी वर्षा सोनकर और चौकी प्रभारी सुशील सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किया, जिसमें युवक अकेले जाता दिखा, जिससे अपहरण की बात झूठी साबित हुई। बुधवार सुबह परिजनों ने उसे खंडहर मकान में देखा, जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद कर लिया।
————–
कई लड़कों को लगाया चूना
यह युवक कई लड़कों को फंसा चुका है। वह लड़की की आवाज निकालकर उनसे बात करता था और झांसा देकर पैसे जमा करवाता था। पुलिस अब साइबर मदद से यह जानकारी जुटा रही है कि उसने कितने लोगों को शिकार बनाया है। साथ ही, युवक के खाते की डिटेल भी निकाली जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक मंद बुद्धि है और सामान्य लोगों की तरह व्यवहार नहीं कर रहा है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
————–
एक युवक के अपहरण की सूचना पुलिस को मिली थी, जिस पर उसकी तलाश में टीम बनाई गई थी। युवक अपने घर के खंडहर मकान में बरामद हुआ है। वह दूसरे लड़कों से लड़की बनकर बात करता था और पोल खुलने के डर से वह छिप गया था। पुलिस से बरामद कर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
विवेक सिंह, एसपी रीवा