शहडोल . बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत पनपथा कोर एरिया के ग्राम चंसुरा से लगे जंगल में बाघिन ने दो महिलाओं पर हमला कर दिया है। हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी घायल है। भूरी पति मिजाजी कोल उम्र 50 वर्ष को बाघिन अपने जबड़े में दबाकर जंगल की ओर ले गई थी। गंभीर चोट होने के कारण उसकी मौत हो गई है।
घटना की जानकारी के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। घटनास्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और बाघिन को जंगल से हटाने की मांग पर अड़ गए। पार्क के एसडीओ सहित रेंजर, वन कर्मी और पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझाइश दी। बाघिन के हमले से तेरसिया बाई उम्र 35 वर्ष घायल हुई है। उसका उपचार मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है। बताया गया कि महिलाएं जंगल में लकड़ी बीनने के लिए गईं हुई थी।
लकड़ी बीनते हुए झाडिय़ों में छिपी बाघिन तक पहुंच गई थीं। बाघिन ने पहले जोर से दहाड़ देते हुए हमला कर दिया था। इस दौरान कुछ महिलाएं भाग गईं लेकिन एक महिला पर हमला करते हुए भूरी कोल को घसीटकर बाघिन जंगल की ओर ले गई थी।
बताया जा रहा है कि चंसुरा (इंदवार) से लगे जंगल में रेंजर द्वारा शनिवार की सुबह करीब 11 बजे के आस पास जेसीबी मसीन के माध्यम से सडक़ निर्माण कार्य कराया जा रहा था। कुछ दूरी पर बाघिन अपने शावकों के साथ मौजूद थी, जो मशीन की आवाज से डरी हुई थी। इसी दौरान जंगल में कुछ महिलाएं लकड़ी बीनने गईं हुई थी तभी झाडिय़ों में छिपी बाघिन ने हमला कर दिया।
बाघिन के हमले के बाद महिला भूरी पति मेजाजी कोल उम्र 50 वर्ष को तलाशने वन कर्मी के साथ जब अन्य लोग घटनास्थल पहुंचे तो बाघिन ने एक और महिला के ऊपर भी पीछे से हमला कर दिया। इस दौरान वनकर्मी ने सूझबूझ से काम करते हुए हाथ में रखी टांगी की धार को बाघिन के तरफ इशारा किया। बाघिन की तेज दहाड़ के बीच वनकर्मी और अन्य ग्रामीण पर शोर करना शुरू कर दिया। बाद में बाघिन महिला को छोडकऱ शावकों के साथ भाग निकली।
मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाजरत घायल इलाज के लिए परेशान होते रहे। वन विभाग के लोग समुचित इलाज के लिए अस्पताल तो पहुंचा दिया लेकिन भूखे प्यासे परिजन भटकते रहे।