मंडला. कान्हा टाइगर रिजर्व के किसली रेंज में फिर  दो बाघों के बीच वर्चस्व की टकराव में एक बाघ घायल हो गया। यह संघर्ष प्रसिद्ध बाघ टी-118 जूनियर बजरंग और एक अन्य बाघ के बीच हुआ। पार्क कर्मियों ने जब उसे लंगड़ाते हुए देखा तो सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। वन प्रबंधन ने क्षेत्र संचालक रविंद्र मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की, जिसमें उप संचालक, सहायक संचालक बंजर, कान्हा रेंज अधिकारी और रेस्क्यू दल के सदस्य शामिल थे। वन्यजीव चिकित्सकों ने बाघ को ट्रेंकुलाइज किया और जांच की गई। जांच में पता चला कि टी-118 को पंजों और दांतों से आई चोटें वर्चस्व की लड़ाई में लगी हैं। हालांकि, कोई आंतरिक चोट नहीं पाई गई। डिप्टी डायरेक्टर पुनीत गोयल ने बताया कि बाघ के पंजे और शरीर पर लड़ाई के स्पष्ट निशान थे। प्राथमिक उपचार के बाद बाघ को वापस जंगल में छोड़ा गया और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पेट्रोलिंग टीम को सतर्क किया गया है। 8 वर्षीय जूनियर बजरंग पर्यटकों में काफी लोकप्रिय है और अक्सर किसली जोन में देखा जाता है।

Share.
Leave A Reply