रीवा. डंपर में लोड मुरुम दो महिलाओं के ऊपर पलटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है।  इस पूरे मामले में अब राजनीतिक बवाल मच गया है। कांग्रेस नेता सरकार को घेर रहे हैं और कहा है कि अपराध बढ़ता जा रहा है । मध्य प्रदेश में जंगल राज हो रहा है। वही मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पूरे मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मनगवां थाने के हिनौता निवासी ममता पाण्डेय पति जीवेश पाण्डेय व आशा पाण्डेय पति शिवेश पाण्डेय का जमीन विवाद अपने परिवार के ही गोकरण पाण्डेय से चल रहा था। विवादित भूमि पर गोकरण पाण्डेय सड़क निर्माण करवाने का प्रयास कर रहा था, जिसके लिए उन्होंने जेसीबी मशीन व डंपर में मुरुम मंगवाई थी। इसका ममता पाण्डेय का परिवार विरोध कर रहा था। तभी ड्राइवर ने अचानक मिट्टी पलट दी जिससे दोनों महिलाएं उसमें दब गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उनको बाहर निकाल लिया था जिससे उनकी जान बच गई थी। महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपी गोकरण पाण्डेय, विपिन पाण्डेय व चालक प्रदीप कोल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं एक आरोपी विपिन पाण्डेय को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस घटना के बाद सामने आए वीडियो की जांच कर वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारियां जुटाई जा रही है।
—————————-

काफी समय से चल रहा दोनों परिवारों के बीच जमीन विवाद

दोनों परिवारों के बीच जमीन विवाद काफी समय से चल रहा है और प्रकरण राजस्व न्यायालय में विचाराधीन है। एक पक्ष जमीन पर रोड बनवाना चाहता है लेकिन दूसरा पक्ष उसके लिए तैयार नहीं है। इस बात को लेकर लंबे समय से परिवार के सदस्यों के बीच आपस में विवाद चल रहा है।

——————

कलेक्टर व एसपी मौके पर पहुंचे, पीडि़त परिवार से की मुलाकात

घटना के बाद रविवार को कलेक्टर प्रतिभा पाल व एसपी विवेक सिंह मौके पर पहुंचे और पीडि़त महिलाओं से मुलाकात की। उनसे घटना की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से भी उक्त विवादित भूमि के संबंध में जानकारी ली है। एसपी ने थाना प्रभारी को वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनको भी नामजद करने के निर्देश दिए हैं।

 

Share.
Leave A Reply