Weather Update MadhyaPradesh
रीवा। इस साल की सर्दी का मौसम देर से आने का अनुमान था। नवंबर महीने का आखिरी सप्ताह चल रहा है फिर भी अब तक मौसम सामान्य रहा है। सुबह से ही मौसम में बदलाव देखा गया। आसमान में सुबह से ही कोहरा दिखा और मौमस ने ठंड का अहसास कराया। ठंडी हवाएं चलने के चलते मौसम में बदलाव आया है।
खेती किसानी पर इस मौसम का खासा असर देखा जा रहा है। अधिकांश जगहों में धान की कटाई चल रही है और फसल अभी खेतों में ही पड़ी है। कुछ जगह खलिहान में खुले में धान रखी है बारिश से उसे नुकसान की आशंका है। कहा जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर से आ रही बर्फीली हवा के कारण मौसम में ठंडक बढ़ी है। रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान १३ डिग्री सेल्सियस रहा। दिन का अधिकतम तापमान २७ डिग्री दर्ज किया गया।
सुबह से ही ठंडक रही और शाम होते ही ठंड बढ़ गई। यह सीजन में अब तक का सबसे कम तापमान है। सुबह कोहरा भी छाया, लेकिन दिन में ठंड से राहत रही, मौसम खुला रहा। मौसम विभाग के अनुसार अभी सर्द हवाएं चलेंगी और संभाग में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। प्रदेश के दूसरे कई जिलों में रविवार को बूंदाबांदी भी हुई है, इस कारण माना जा रहा है कि रीवा का भी मौसम अभी और बदलेगा। कहा जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। अरब सागर में चक्रवातीय घेरा बन गया है। यह घेरा ट्रफ लाइन के रूप में सक्रिय है। अरब सागर से भी पर्याप्त नमी आ रही है।
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो दक्षिण भारत की ओर जा रहा है। इस कारण पूर्व हवा भी चल रही है। 30 नवंबर को नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जो दिसंबर के मौसम को प्रभावित करेगा। 28 नवंबर से 1 एक दिसंबर के बीच शहर में ठंडक और तेज होगी।
—
शाम होते ही कई जगह जले अलाव
शाम होते ही मौसम में ठंकड की वजह से शहर के कई हिस्सों में अलाव जलते हुए दिखाए दिए। हालांकि अभी नगर निगम की ओर से अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने अपनी सुविधा के अनुसार आग जलाकर ठंड से राहत पाने का प्रयास किया। रीवा शहर के दोनों बस स्टैंडों के साथ ही सिरमौर चौराहा, अस्पताल चौराहा, शिल्पी प्लाजा, स्टेच्यू चौक, साईंमंदिर एरिया में कई स्थानों पर लोग आग तापते हुए नजर आए।