ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर के एक हिस्से में लोगों में दहशत का माहौल है। यहां पर रात्रि के समय किसी महिला के रोने और दरवाजे के पास आकर खटखटाने की आवाज सुनाई दे रही है। लोग इसे प्रेतबाधा समझकर डरे हुए हैं और आवाज सुनने के बावजूद वह दरवाजा नहीं खोलते। शहर के चंदन नगर की बस्ती में इन दिनों लोगों की रातें दहशत में गुजर रही हैं, यहां कई दिनों से आधी रात होते ही महिला के रोने की आवाज आती है, कभी आधी रात होते ही महिला दरवाजा खटखटाती है, डरे-सहमे लोगों ने पुलिस को सबूत भी सौंपे हैं। जिसमें सीसीटीवी फुटेज में महिला दिख रही है।
जानकारी मिली है कि चंदननगर (उपनगर) ग्वालियर की बस्ती इन दिनों दहशत में है। खौफ की वजह, यहां आधी रात में घूमने वाली अनजान महिला है। रहवासी कहते हैं कि वह रात में निकलती है। कुंडी खटकाती है, दरवाजों पर लगी घंटी बजाकर आवाज लगाती है। खौफ का ये सिलसिला कई दिनों से चल रहा है। महिला कौन है? कहां से आती है? उसके बारे में कुछ नहीं पता, लेकिन इस हरकत से बस्ती के लोग डरे-सहमे हैं और आंखों में रात काट रहे हैं।

लोगों ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपा
कई दिनों से यह घटनाक्रम चल रहा है। यह किसी एक व्यक्ति के साथ नहीं बल्कि मोहल्ले के कई लोगों के साथ हो रहा है। जिन घरों में सीसीटीवी लगा है, वहां से एक फुटेज भी पुलिस को सौंपा गया है। जिसमें रात्रि के समय घर के पास महिला दिखाई दे रही है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज तो मिले हैं, लेकिन अभी तक महिला की पहचान नहीं हुई है। इससे यह मालूम नहीं चला कि आखिर महिला का मकसद क्या है और क्यों वह घरों के दरवाजे खटखटाती है। रात डेढ़ बजे रोने की आवाज आई चंदन नगर निवासी ममता ने बताया रात को बस्ती में महिला का मूवमेंट कई दिन से चल रहा है। वह रात को एक से डेढ़ बजे के बीच निकलती है। किसी भी घर को टारगेट कर उसका दरवाजा खटकाती है।

रात एक बजे के बाद आती है रोने की आवाज
चंदन नगर के लोगों की मानें तो वह अक्सर रात में एक बजे के बाद ही आती है।महिला ने बताया कि गत रात्रि करीब डेढ़ बजे घर के बाहर उसके रोने की आवाज आई तो बेटे की नींद खुली। फिर किराएदार को आवाज सुनाई दी तो वह भी जागे। खिड़की से बाहर झांका तो महिला नहीं दिखी लेकिन उसके रोने की आवाज आती रही।

दरवाजा भी खटकाया
संतोष शाक्य निवासी चंदननगर ने मीडिया को बताया रात करीब दो बजे किसी ने दरवाजा खटकाया तो नींद खुली। गेट तो नहीं खोला, लेकिन आहट ली तो बाहर से किसी महिला के रुक-रुक कर रोने की आवाज आ रही थी। ऐसा लगभग रोज हो रहा है। अनजान महिला कभी उनके मोहल्ले में दरवाजे खटकाती है तो कभी पड़ोसी बस्ती में ऐसी हरकत करती है। इसलिए लोग दहशत में है।

डर के मारे रात में जाग रहे
बस्ती वालों का कहना है महिला की वजह से लोग रात भर जागते हैं। उन्हें आशंका है कि कोई घटना न हो जाए। बस्ती में कुछ घरों पर सीसीटीवी लगे हैं। उनके फुटेज में महिला रात को आती और घरों की घंटी बजाती दिखी है। पुलिस को शिकायत के साथ फुटेज भी दिए हैं।


पुलिस जांच में जुटी

सीएसपी अशोक सिंह जादौन का कहना है कि ग्वालियर के चंदन नगर बस्ती के लोगों ने रात में अनजान महिला का मूवमेंट बताया है। उसके फुटेज भी दिए हैं। महिला को ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है। उसे राउंडअप करने के बाद पता चलेगा कि आखिर महिला कौन है? उसका मकसद क्या है? उन्होंने कहा कि मोहल्ले में पुलिस की तैनाती की जाएगी।

Share.
Leave A Reply