——————-

रीवा। यूपी से साथियों के साथ घूमने आया पर्यटक सेल्फी के चक्कर में गहरे जलप्रपात में गिर गया। गनीमत रही कि वह झाडिय़ों में फंस गया। तत्काल आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और रेसक्यू कर युवक को साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद जलप्रपात से ऊपर निकाला। सुरक्षित बाहर निकलने के बाद युवक की जान में जान आई।

यूपी के लखनऊ का सचिन सिंह पिता सर्वेश सिंह 30 वर्ष अपने दोस्तों के साथ  सिरमौर के चचाई जलप्रपात में घूमने आया था। सुबह साढ़े ग्यारह बजे सभी जलप्रपात के आसपास सेल्फी खींच रहे थे। इस दौरान सचिन किनारे खड़े होकर सेल्फी लेने लगा।

अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और चचाई जलप्रपात के नीचे गिर गया। यह देखकर उसके दोस्तों के हाथ पैर फूल गए। युवक 40 फीट नीचे एक पेड़ के झाडिय़ों पर फंसा था। सूचना पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे निकालने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।

बाद में आपदा प्रबंधन की टीम को सूचना दी गई। तत्काल उपनिरीक्षक विकास पाण्डेय के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची जिसने युवक को ऊपर निकालने के लिए रेसक्यू आपरेशन शुरू किया। टीम किसी तरह झाडिय़ों के बीच से नीचे उतरी। दो घंटे के रेसक्यू आपरेशन के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना में उसके पैर में मोच आई थी।
———————–
350 फीट गहरा जलप्रपात, झाडिय़ों ने बचा ली जान
जिस जलप्रपात में युवक गिरा था वह 350 फीट के लगभग गहरा है। ऊपर से जलप्रपात में गिरा युवक झाडिय़ों में फंस गया जिससे उसकी जान बच गई। खुद युवक को भी इतनी बड़ी घटना का शिकार होने के बाद जिंदा बचने पर विश्वास नहीं हो रहा था।

Share.
Leave A Reply