उमरिया। मध्यप्रदेश के जिला मुख्यालयल में आंदोलन कर रहे गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस घटना में एक एएसआई सत्यदेव यादव घायल हो गए हैं। जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच की मांग को लेेकर आंदोलनरत गोंगपा के कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प हो गई। इसमें टीआई सहित 14 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एडीजी शहडोल डीसी सागर भी मौके पर पहुंचे।
nn
असल में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अमल नहीं होने पर कलेक्टर से मिलने जा रहे थे। इस दौरान विवाद बढ़ गया और वे रानी दुर्गावती चौराहे पर अनशन पर बैठ गए। गोंगपा पदाधिकारी बाजार बंद कराने की बात पर अड़े थे। इसी बीच एसडीओपी भी पहुंच गए। तभी बातचीत के दौरान मामला अराजक हो गया। कार्यकर्ताओं की भीड़ ने पुलिस को घेर लिया तथा मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पथराव भी हुआ। इसमें एएसपी सहित टीआइ, एसआई और 14 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। दो को दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया है।
nn
कार्यकर्ताओं ने एसडीओपी के साथ भी झूम झपट की थी। घटना में घायल हुए एएसआई को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का यह आंदोलन पार्टी के नेता राधेश्याम ककोडिया के नेतृत्व में हो रहा है। आंदोलनकारियों ने जिला मुख्यालय के मुख्य चौराहे को पूरी तरह से घेर लिया था। चंदिया चौक पर रानी दुर्गावती की प्रतिमा के समक्ष गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए थे। इसी बीच पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दायर कर लिया है।